Advertisement
04 August 2019

कश्मीर की सुरक्षा चिंताओं पर अमित शाह ने की बैठक, अजीत डोवाल और गाबा भी शामिल

जम्मू कश्मीर में हाल के तेज घटनाक्रम और बदलते सुरक्षा हालातों के बीच रविवार को नई दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। केंद्रीय मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गृह सचिव राजीव गाबा और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल शामिल थे।

सेना ने कहा, पाक सैनिक सफेद झंडा दिखाकर शव ले जाएं

जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में भारतीय सेना ने पाकिस्तानी बैट (बॉर्डर एक्शन टीम) की घुसपैठ के प्रयासों को नाकाम कर दिया। आतंकियों के साथ मुठभेड़ में भारतीय सेना ने 5 से 7 पाकिस्तानी सेना के बैट कमांडो और आतंकियों को मार गिराया। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर मारे गए आतंकियों के शव ले जाने का प्रस्ताव भेजा है। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना को शवों को ले जाने के लिए सफेद झंडे के साथ आने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। भारतीय सेना ने घुसपैठियों के शव की तस्वीर भी जारी की थी।

Advertisement

पर्यटकों को लौटने की सलाह दी थी सरकार ने

जम्मू कश्मीर में सुरक्षा हालात शुक्रवार को उस समय अनायास बदल गए जब भारतीय सेना को अमरनाथ यात्रा पर पाक आतंकियों के हमले के बारे में जानकारी मिली। मिलने के बाद शुक्रवार को अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को जल्द वापस लौटने की सलाह दी गई थी। यात्रियों को घाटी से निकालने के लिए सरकार ने वायुसेना के सी-17 ग्लोबमास्टर विमान लगाने के भी संकेत दिए थे।

शुक्रवार को 22 हजार पर्यटक थे घाटी में

शुकवार को कश्मीर में 20-22 हजार पर्यटक थे। एडवाइजरी जारी होने के तुरंत बाद गुलमर्ग, पहलगाम और अन्य पर्यटन स्थलों के लिए बसों को रवाना किया गया था। वहां से सभी पर्यटकों को श्रीनगर लाया गया। कुछ पर्यटक पहलगाम में ट्रैकिंग पर गए हैं, जो कि फिलहाल अपने बेस नहीं लौटे हैं। करीब 300 लोगों को एयरफोर्स के विमान से भेजा गया है।

केरन सेक्टर में हुई थी घुसपैठ की कोशिश

भारतीय सेना ने शनिवार शाम को बताया कि आतंकियों ने पिछले 36 घंटों में कई बार केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई के दौरान 5 से 7 आतंकी मारे गए। फिलहाल उनके शव एलओसी पर पड़े हैं।

भारत ने पाक पर लगाया जवाबी आरोप

वहीं पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाया था कि नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सेना कथित तौर पर क्लस्टर बम का उपयोग कर रही है। इसके जवाब में भारतीय सेना ने कहा कि उनके द्वारा नियंत्रण रेखा पर सिर्फ घुसपैठ रोकने की कोशिशों के चलते पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की जा रही हैं। सेना ने कहा था कि पाकिस्तानी बलों द्वारा लगातार आतंकवादियों की घुसपैठ कराने की कोशिशें हो रही हैं, जिसके लिए वे लोग विभिन्न प्रकार के हथियारों से हमला कर रहे हैं। इससे पहले भी पाक सेना ने भारतीय सेना पर क्लस्टर बमों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था और आम नागरिकों को निशाना बनाकर अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Indian Army, offered, Pakistan Army, dead bodies, 5-7 Pak BAT army terrorists
OUTLOOK 04 August, 2019
Advertisement