Advertisement
08 October 2020

देश में कोरोना के मामले 68 लाख के पार, एक दिन में 78,524 नए मामले, अब तक 1,05,526 लोगों की मौत

देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। देश में पिछले 24 घंटों में 78,524 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 68 लाख 32 हजार का आंकड़ा पार कर चुका है। वहीं, 24 घंटे में 971 लोगों की जान चली गई है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 78,524 नए मामले सामने आए और 971 मौतें हुईं। देश में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 68,35,656 है जिसमें 9,02,425 सक्रिय मामले, 58,27,705 ठीक/डिस्चार्ज/विस्थापित मामले और 1,05,526 मौतें शामिल हैं।

बुधवार को सामने आए 72,049 नए मामले

Advertisement

भारत में बुधवार को कोविड-19 के 72,049 नए मामले सामने आए और 986 मौतें हुई। देश में पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 67,57,132 हो गई है जिसमें 9,07,883 सक्रिय मामले, 57,44,694 ठीक/डिस्चार्ज/ माइग्रेट मामले और 1,04,555 मौतें शामिल हैं।

8 करोड़ 34 लाख से ज्यादा सैंपल टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, बुधवार (07 अक्टूबर) तक कोविड-19 के 8,34,65,975 सैंपल टेस्ट किए गए। इनमें से 11,94,321 सैंपलों का टेस्ट कल किया गया था। पॉजिटिविटी रेट 7 प्रतिशत से कम है। कोरोना वायरस के 54% मामले 18 साल से 44 साल की उम्र के लोगों को हैं लेकिन कोरोना वायरस से होने वाली 51% मौतें 60 साल और उससे अधिक उम्र के लोगों में हुईं हैं।

मृत्यु दर और सक्रिय मामलों में गिरावट

बढ़ते कोरोना मामलों के बीच राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.64% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 78% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं।

कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत दूसरे स्थान पर

बता दें दुनिया भर में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की सूची में भारत दूसरे स्थान पर है। इस सूची में 77 लाख 76 हजार से ज्यादा संक्रमितों के साथ अमेरिका पहले, भारत (68 लाख 32 हजार) दूसरे और ब्राजील 50 लाख 02 हजार से ज्यादा मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: देश, कोरोना के मामले, 68 लाख पार, 78524 नए मामले, 104555 मौत, India, COVID-19, crosses, 68-lakh mark, 78524 new cases, 971 deaths, last 24 hours.
OUTLOOK 08 October, 2020
Advertisement