Advertisement
26 June 2020

अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ान 15 जुलाई तक निलंबित, डीजीसीए ने जारी किया सर्कुलर

अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ान 15 जुलाई तक निलंबित, डीजीसीए ने जारी किया सर्कुलर | File Photo

कोरोना महामारी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों के निलंबन को 15 जुलाई तक बढ़ा दिया है। साथ ही केंद्र ने कहा है कि कोविड के आंकड़ों को देखते हुए कुछ चुनिंदा रूट पर अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की अनुमति दी जा सकती है। कोरोना वायरस महामारी के चलते 23 मार्च से अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ान निलंबित है। नागरिक उड्डयन महानिदेशक (डीजीसीए) द्वारा शुक्रवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं को 15 जुलाई 2020 तक के लिए निलंबित रखा जाएगा। हालांकि, नागरिक उड्डयन महानिदेशक द्वारा अनुमोदित कार्गो और विशेष उड़ानों पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा।

अनलॉक-1 में मिली कई रियायते, पर संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा

कोरोना संकट के बीच देश में घरेलू उड़ानों का संचालन बीते महीने 25 मई से शुरू किया गया। अभी देश में अनलॉक-1 लागू है। इसके तहत कई तरह की छूट दी गई है। मॉल-रेस्टोरेंट और अन्य सेवाओं को शर्तों के साथ शुरू कर दिया गया है। धार्मिक स्थलों को भी आठ जून से खोलने की अनुमति दे दी गई है। रेल सेवा भी सीमित दायरे में एक जून से संचालित किया जा रहा है। वहीं, कई राज्यों ने अंतर्राज्यीय परिवहन सेवा एक बार फिर से शुरु कर दी है। हालांकि, देश में अब हर दिन कोरोना की संख्या एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर रही है। जिसकी वजह से कुछ राज्यों ने लॉकडाउन को फिर से बढ़ा दिया है। गुवाहाटी में चौदह दिनों का पूर्ण लॉकडाउन सोमवार से लागू कर दिया गया है।

Advertisement

देश में कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामले

देश में कोरोना वायरस महामारी के प्रकोप में हर रोज रिकॉर्ड इजाफा हो रहा है। covid19india.org के मुताबिक अब कोरोना के मामले 4,91,170 हो गए हैं। जबकि 15,308 लोग इस संक्रमण के कारण अपनी जान गंवा चुके हैं। फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 1,90,136 है। वहीं 2,85,671 लोग ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना के सर्वाधिक 17,296 नए मामले सामने आए हैं और 407 मौतें हुई हैं। कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 4,90,401 है, जिसमें 1,89,463 सक्रिय मामले, 2,85,637 ठीक / डिस्चार्ज / माइग्रेट और 15,301 मौतें शामिल हैं।

 

 

 

TAGS: International Passenger Flights, Suspended Till July 15, Government Of India, DGCA
OUTLOOK 26 June, 2020
Advertisement