Advertisement
22 February 2026

आवरण कथा/जेल डायरीः ‘‘जेल में अदालती तारीखों के अंतराल ही गिनती रही’’

कैदियों में यह धारणा है कि जब किसी को जमानत मिलती है, तो सह-आरोपियों को भी जल्द ही उसी आधार पर जमानत मिल जाएगी। यह कहना मुश्किल है ऐसा कब होगा, इसमें छह महीने या छह साल भी लग सकते हैं

सच तो यही है कि मैंने जेल में समय काटा, लेकिन लगता है, जैसे समय ने मुझे काटा। 21 जून, 2018 की एक बदली भरी शाम को मुझे पुणे की यरवदा जेल ले जाया जा रहा था। मुझे पता था कि जेल में घड़ियां ले जाने की इजाजत नहीं है, फिर भी मैंने अपनी टाइटन घड़ी पकड़ी हुई थी। मुझे उसे गेट पर जमा करना पड़ा। लगभग छह साल बाद वह मुझे किसी म्यूजियम की प्राचीन वस्‍तु की तरह वापस मिली। समय एक भूरे सरकारी लिफाफे में फंसा हुआ, एक डिब्बे में बंद था। वह समय जिसकी टिक-टिक बंद हो गई थी। मुझे जेल में आए कुछ ही घंटे हुए थे, लेकिन मेरी वार्डन ने 22 साल जेल में बिताए थे। जब मैं जेल में दाखिल हो रही थी, वह अपनी रिहाई की तैयारी कर रही थी। हमें जगाने के लिए पांच बजे घंटा बजता था। कोई मराठी भजन गाता है, ‘उघड़ा द्वार ओ देवा’’ (दरवाजे खोलो, हे भगवान), चाबियों का बड़ा गुच्छा लिए जब ‘मैडम’ चिल्लाती, ‘‘थाम्ब, थाम्ब, उघड़ते’’ (रुको, खोल रहे हैं), तो सब हंसने लगते। बैरक में कर्मचारी चाय, नाश्ता और दूध लाते, तो पता चलता है कि सात बज गए होंगे। अब हम आजाद हैं, कंपाउंड की ऊंची दीवारों के अंदर, जिनके ऊपर कंटीले तार लगे हैं। हम बगीचे में घूम सकते हैं, बाथरूम जा सकते हैं, गरम पानी के लिए इमली के पेड़ के नीचे लाइन लगा सकते हैं, लॉन में बैठकर दोस्तों से बात कर सकते हैं, अपने कपड़े धोकर तय जगहों पर सुखा सकते हैं, भिखारियों की तरह टूटी-फूटी एल्युमिनियम की थालियों में सुबह का खाना इकट्ठा कर सकते हैं और अपनी बैरक में लौट सकते हैं।

यह वह समय भी है जब और चीजें ‘आती’ हैं। ‘‘दवाखाना आला!’’, गेट से कामवाली चीखती है। वह बताती है कि डॉक्टर और डिस्पेंसरी आ गए हैं (हालांकि डिस्‍पेंसरी ऑफिस के एक कमरे के कोने में है)। मुलाकातें आती हैं, कैंटीन आती है, परिवार से कपड़े आते हैं, लाइब्रेरी आती है और सबसे हैरानी की बात, कोर्ट भी आता है। इसका मतलब है कि कैदियों को कोर्ट ले जाने वाली वैन आ गई है और जेल से बाहर निकलने से पहले हमें अपने नंगे शरीर दिखाने के लिए लाइन में लगना पड़ता है। सबसे सुखद, बेशक, तब होता है जब चिकन आता है, पकौड़े या फल आते हैं।

Advertisement

हम अलग-अलग गांवों (बैरकों) में रहने वाले अलग-अलग कबीले हैं। दोपहर 12 बजे घंटा बजता है। यह बैरक में जाकर आराम करने के लिए बंद होने का समय है। 3 बजे की घंटी हमें बताती है कि चाय का समय हो गया है। शाम 5 बजे हमें यह जानकर राहत मिलती है कि एक और दिन बीत गया। घंटी हमें हमारे अस्थायी घरों की ओर ले जाती है। अनजान द्वीप पर फंसे हुए रॉबिन्सन क्रूसो की तरह हम भी अपने बीते हुए दिन दर्ज करने के लिए डाल पर एक और निशान लगा सकते हैं।

रात का कोई समय नहीं होता। अगर आप अचानक किसी बुरे सपने से जग जाते हैं, जो अक्सर होता है, तो आपके पास अंदाजा लगाने के अलग-अलग तरीके होते हैं। आप दूध की वैन को जेल में घुसते हुए और रात के गार्ड को कैंटीन स्टाफ को जगाने के लिए चिल्लाते हुए सुन सकते हैं। इससे आपको पता चल जाएगा कि यह सुबह 3 या 4 बजे का समय है।

मेरे लिए, शुरुआती महीने सबसे धीरे बीते, लेकिन बाद में, खासकर मुंबई शिफ्ट होने के बाद, जेल में समय काफी तेजी से बीता। इसका मतलब यह नहीं था कि चिंता या निराशा कम थी; बस मैं जेल की जिंदगी की आदी हो रही थी। मैंने समय को मुलाकात से मुलाकात तक, एक कोर्ट की तारीख से दूसरी तक या हर जमानत अर्जी दाखिल करने और उसकी प्रगति और आखिर में खारिज होने के रूप में मापा। हर बार जब कोई अर्जी दाखिल होती, तो मन में थोड़ी उत्तेजना और उम्मीद होती थी।

वकीलों और रिश्तेदारों से मुलाकात या कोविड महामारी के दौरान उनसे फोन पर बात करने से उम्मीद मिलती थी। एप्लिकेशन्स बहुत अच्छे से ड्राफ्ट किए गए थे, सुनवाई में बहस अच्छी हुई फिर भी मन ही मन पता था कि जमानत मिलने के आसार कम हैं। हम सभी सुधा भारद्वाज के लिए बहुत खुश थे, जिन्हें 1 दिसंबर, 2021 को डिफॉल्ट बेल मिल गई थी। हममें से आठ लोगों की बेल खारिज हो गई। जब कुछ वकीलों ने हमें भरोसा दिलाया कि हम भी जल्द ही बाहर आ जाएंगे, तो ऐसा लगा कि रिहाई का समय बस आने ही वाला है। लेकिन जल्द ही मुझे एहसास हुआ कि जेल में एक या दो हफ्ते का मतलब कोर्ट में एक या दो साल होता है।

स्वास्थ्य संबंधी मामलों में यह बहुत दुखद था। सब जानते हैं कि ऐसी देरी के कारण स्टेन स्वामी की जान चली गई और वरवर राव लगभग मौत के कगार पर पहुंच गए थे। न सिर्फ हमारे केस में आरोपी, बल्कि कई दूसरे कैदी भी ऐसी लालफीताशाही या जेल प्रशासन की लापरवाही के कारण गंभीर रूप से बीमार पड़ गए।

बायकुला में, हर साल हमने कम से कम एक कैदी को अपनी जान गंवाते देखा। कभी-कभी, जेल की जिंदगी से होने वाली बहुत ज्यादा चिंता के कारण कैदी घबराकर कांपने लगते थे। किसी ऐसे कैदी साथी के साथ पूरी रात बिताना, जिसे सांस लेने में तकलीफ हो रही हो, आंखें ऊपर चढ़ी हुई हों, शरीर ढीला और ठंडा हो पूरे बैरक के लिए यातना जैसा था, क्योंकि हम घंटों डॉक्टर या गार्ड को बुलाते रहते थे।

हालांकि यरवदा जेल में एक डॉक्टर और ईसीजी मशीन थी, लेकिन बायकुला में ऐसा नहीं था। रात में किसी गंभीर मरीज को देखने कोई डॉक्टर नहीं आता था और जेलर से फोन पर सलाह लेनी पड़ती थी। अगर वह इजाजत देती, तो गेट खोला जाता और मरीज को जे.जे. अस्पताल ले जाया जाता। अगर रात में बिजली चली जाती, तो पंखे के बिना, पसीने की दमघोंटू बदबू बैरक में फैल जाती। यरवदा सेंट्रल जेल में एक जेनरेटर था, जो तुरंत चालू हो जाता था, लेकिन बायकुला जेल, जो मैक्सिमम सिटी, दक्षिण मुंबई में स्थित है, जहां झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के पास भी इन्वर्टर होते हैं, वहां कुछ नहीं था, यहां तक कि इमरजेंसी लाइट भी नहीं।

जेल के कैदियों में यह धारणा है कि जब किसी व्यक्ति को जमानत मिलती है, तो उसके सह-आरोपियों को भी जल्द ही उसी आधार पर जमानत मिल जाएगी। लेकिन यह कहना मुश्किल है कि ऐसा कब होगा, क्योंकि इसमें छह महीने या छह साल भी लग सकते हैं। उदाहरण के लिए, भीमा कोरेगांव मामले में कई लोगों को जमानत मिल गई लेकिन वकील सुरेंद्र गाडलिंग की कैद को साढ़े सात साल हो गए हैं। ऐसे कैदी भी हैं जिन्हें जमानत मिल जाती है, लेकिन ‘श्योरिटी’ (जमानत की रकम या गारंटी देने वाला) का इंतजाम न कर पाने के कारण, वे सालो-साल जेल में पड़े रहते हैं।

दोषी ठहराए जाने की दुर्भाग्यपूर्ण परिस्थितियों में, सजा में दी गई समय सीमा की अतार्किकता कैदियों को निराशा में धकेल देती है। कई महिलाएं जिन पर मर्डर का आरोप है, असल में वे यौन शोषण या घरेलू हिंसा की शिकार हो सकती हैं, जहां मर्डर उस स्थिति से बचने के लिए मजबूरी में उठाया गया कदम था। फिर भी, जिसे पहले धारा 302 कहा जाता था, उसकी न्यूनतम सजा उम्रकैद है, लेकिन ‘उम्र’ की समय सीमा तय नहीं है। उम्रकैद पहले 14 साल की होती थी, अब इसे किसी व्यक्ति की जिंदगी के आखिर तक माना जाता है।

अगर हम पूछें कि इन तथाकथित ‘सुधार घरों’ में समय बिताने से कैदियों पर क्या असर हुआ है, तो हम पाएंगे कि ज्यादातर कैदी कड़वाहट के साथ बाहर निकलते हैं। मैंने महिलाओं को यह कहते सुना है कि उन्हें बिना किसी गलती के जेल में डाल दिया गया है और बाहर निकलने के बाद, वे सच में कोई अपराध करेंगी। पतियों की हत्या आरोपी कई महिलाएं बरी हो गईं, लेकिन वे अपने परिवारों, खासकर अपने बच्चों से अलग हो गईं। वे निराश हैं कि घरेलू काम करने के लिए भी अक्सर बैकग्राउंड चेक किया जाता है, जो उन्हें अच्छी नौकरी पाने से रोकेगा।

जेल में रहने के दौरान महिलाओं की दोस्ती बाहर भी जारी रही। ऐसी महिलाएं एक-दूसरे को रहने की जगह और आर्थिक मदद देती हैं। राजनैतिक कैदी होने के नाते, रिहा होने पर हमें जो खुशी महसूस हुई, परिवार और दोस्तों से मिलने की समाज में स्वीकार्यता की यह अन्य महिला कैदियों के लिए रिहाई के बाद दुर्लभ है। ज्यादातर महिलाएं अपराध के सामाजिक-आर्थिक पहलुओं, वर्ग, जाति, लिंग और धर्म के आधार पर लोगों के बीच भारी असमानताओं के कारण जेल पहुंची हैं। सामाजिक न्याय के इन मुद्दों पर विचार किए बिना, इन समय में न्याय नहीं दिया जा सकता।

(शोमा सेन महिलाओं के अधिकारों के लिए काम करने वाली एक्टिविस्ट और असिस्टेंट प्रोफेसर हैं और नागपुर यूनिवर्सिटी के अंग्रेजी साहित्‍य विभाग की प्रमुख थीं। 8 जून, 2018 को उन्हें भीमा कोरेगांव मामलों में कथित तौर पर शामिल होने के आरोप में पुणे पुलिस ने गिरफ्तार किया था)

TAGS: Outlook Hindi, cover story, jail diary, soma sen story
OUTLOOK 22 February, 2026
Advertisement