Advertisement
20 March 2015

जनता एक्सप्रेस बन गई मौत की रेल

पीटीआइ

यह घटना शुक्रवार को रायबरेली जिले के बछरावां रेलवे स्टेशन के पास हुई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की सुबह जनता एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतर जाने के कारण 31 लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए। ट्रेन चालक द्वारा आपातकालीन ब्रेक लगाए जाने की वजह से रेलगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए थे।

रेल विभाग ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांव वाले राहत और बचाव कार्यों में जुट गए। हादसे की वजह से लखनउ-वाराणसी खंड पर ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।

Advertisement

घायल यात्रियों को रायबरेली के जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। लखनऊ और रायबरेली से राहत टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। बोगियों को अलग करने के लिए क्रेन लगाई गई हैं। अधिकारियों को मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

गंभीर रूप से घायलों को लखनउ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय (केजीएमयू) और संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विग्यान संस्थान भेजा जा रहा है। केजीएमयू का ट्रॉमा सेंटर घायल यात्रियों के इलाज के लिए तैयार कर लिया गया है। डॉक्टरों की टीम को लेकर लखनऊ से एंबुलेंस रवाना की गई हैं।

OUTLOOK 20 March, 2015
Advertisement