Advertisement
22 March 2016

कन्हैया मिले राहुल गांधी से, विचारों की साझेदारी

आउटलुक

 जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के  छात्र कैम्पस से बाहर निकल व्यापक समर्थन जुटाने की कोशिश में है। इसी मिशन के तहत आज जवाहरलाल नेहरू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार अन्य छात्र नेताओं के साथ कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिले। बताया जाता है कि छात्र राजनीति में कांग्रेस से दूरगामी समर्थन के लिए आज राहुल गांधी से बातचीत की गई।

गौरतलब है कि जिस समय जेएनयू पर सरकार ने निशाना साध रखा था और कन्हैया तथा उमर व अनिर्बान जेल में थे, उस समय राहुल गांधी ने जेएनयू में चल रहे छात्र आंदोलन को समर्थन दिया था। हालांकि राहुल गांधी के जेएनयू जाने को भाजपा ने एक बड़ा एजेंडा बनाकर इसे देशद्रोहियों के समर्थन के रूप में प्रचारित-प्रसारित करने लगी। भाजपा के इस दुष्प्रचार से जेएनयू के छात्रों में राहुल गांधी के समर्थन का मूल्य और अधिक बढ़ गया। कन्हैया ने भाकपा के छात्रसंगठन ऑल इंडिया स्टूडैंट फेडरेशन (एआईएसएफ) के नेताओं के साथ यह बैठक की।

वामपंथी छात्रसंगठन के नेताओं का राहुल गांधी के घर जाकर मिलना, उपने आप में एक नई परिघटना है। अभी तक वामपंथी छात्रसंगठन कांग्रेस की नीतियों से नाखुश रहते हैं। इसी क्रम में कल वामपंथी और समाजवादी दलों के युवा मोर्चे की बैठक को देखा जा सकता है। इसमें भाकला माले, माकपा, भाकपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ जनता दल (यू), राजद और रांकपा के नेताओं ने शिरकत की। इसमें भी कन्हैया कुमार, शेहाला राशिद बोरा आदि छात्रनेता भी शामिल हुए। इस तरह से यह दिखाई दे रहा है कि छात्र और युवा आंदोलन भाजपा के खिलाफ एक वृहद आंदोलन की धुरी बन रहे हैं। इस धुरी को गैर भाजपा राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है।

TAGS: कन्हैया, राहुल गांधी, भाजपा, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, kanahiya, aisf
OUTLOOK 22 March, 2016
Advertisement