Advertisement
19 September 2015

कभी पाकिस्तान का हिस्सा नहीं बनेगा कश्मीर : फारूक अब्दुल्ला

आउटलुक

नेशनल कांफ्रेंस के नेता एवं जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने परमाणु युद्ध के खतरे के माध्यम से कश्मीर मसले का समाधान होने संबंधी धारणा को खारिज करते हुए कहा कि कश्मीर कभी पाकिस्तान का हिस्सा नहीं होगा और आगे बढ़ने के लिए वार्ता सबसे अच्छा तरीका है। अब्दुल्ला ने स्वीकार किया कि जहां तक भारत और पाकिस्तान की बात है तो कश्मीर एक अहम एजेंडा रहा है। उन्होंने कहा, आपसी समझ के कुछ बिंदुओं तक पहुंचने के लिए दोनों देशों के बीच वार्ता महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने रॉ के पूर्व प्रमुख ए एस दुलत के साथ ए कन्वर्सेशन ऑन जम्मू एंड कश्मीर विषय पर आधारित एक कार्यक्रम में भाग लेते हुए यह बात कही। दुलत ने कश्मीर : द वाजपेयी ईयर्स शीर्षक से एक किताब भी लिखी है। इस कार्यक्रम की मेजबानी पत्रकार आशीष रे ने की।

Advertisement

 

कार्यक्रम में अब्दु‍ल्ला ने कहा कि युद्ध के खतरों या परमाणु बम के इस्तेमाल से या यह कह कर कि हमारे पास परमाणु हथियार हैं, समस्या का समाधान नहीं हो सकता। हमें समझ के कुछ बिंदुओं तक पहुंचने के तरीके एवं साधन खोजने होंगे, फिर भले की वह ट्रैक 2 या 3 के माध्यम से हो। उन्होंने जोर देते हुए कहा,  एक बात पूरी तरह से स्पष्ट है कि सीमाएं नहीं बदलेंगी। देश चाहे जितना भी चाह लें, सीमाएं नहीं बदलेंगी।

 

 

 

TAGS: नेशनल कांफ्रेंस, जम्मू-कश्मीर, फारूक अब्दुल्ला, ए एस दुलत, कश्मीर : द वाजपेयी ईयर्स, परमाणु युद्ध
OUTLOOK 19 September, 2015
Advertisement