Advertisement
28 February 2016

मोदी सरकार का फरमान, केंद्रीय विद्यालय रोजाना फहराएं तिरंगा

गूगल

जेएनयू विवाद के बाद राष्ट्रवाद पर जारी बहस के बीच एक और कदम उठाते हुए सरकार ने सभी केंद्रीय विद्यालयों को रोजाना तिरंगा फहराने का फरमान जारी किया है। केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रशासन (केवीएस) ने सभी प्रधानाचार्यों से कहा है कि वे सुनिश्चित करें कि सुबह की सभा के दौरान किसी प्रमुख जगह पर तिरंगा फहराया जाए ताकि सभी छात्र हर रोज तिरंगे को सलाम कर सकें। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी केवीएस की अध्यक्ष हैं। केवीएस भारत और विदेशों में एक हजार से ज्यादा स्कूल संचालित करता है।

 

केवीएस के अतिरिक्त आयुक्त यू एन खवारे ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को लिखे पत्र में कहा है, जैसा कि आपको पता है, भारत का राष्ट्रीय ध्वज देश के सम्मान और आजादी का प्रतीक है। यह हमारे लिए काफी अहमियत रखता है। हमें अपने राष्ट्रीय ध्वज का आदर करना चाहिए और उसके बारे में हर चीज जानना चाहिए। आपको यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाता है कि केंद्रीय विद्यालयों एवं क्षेत्रीय कार्यालयों के भवनों पर हर सुबह तिरंगा फहराया जाए और सूर्यास्त से पहले झंडे को उतार लिया जाए। खवारे ने पत्रा में लिखा, इसके अलावा, आपके क्षेत्र के प्रधानाचार्यों को भी यह निर्देश दिया जाना चाहिए कि सुबह की सभा के वक्त किसी प्रमुख स्थान पर तिरंगा फहराया जाए ताकि सभी छात्र हर रोज तिरंगे को सलाम कर सकें। केवीएस के इस वरिष्ठ अधिकारी ने अपने पत्र में सभी क्षेत्रीय कार्यालयों एवं स्कूलों में ध्वज संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिया है।

Advertisement

 

गौरतलब है कि इस महीने की शुरूआत में मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने हरियाणा के सूरजकुंड में केंद्रीय विश्वविद्यालयों की एक बैठक बुलाई थी जिसमें कुलपतियों ने प्रण किया था कि वे अपने संस्थानों में प्रमुखता से राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। जेएनयू में कथित भारत-विरोधी प्रदर्शनों पर हुए विवाद की पृष्ठभूमि में यह कदम उठाया गया था। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने उस वक्त कहा था कि उच्च शिक्षा संस्थानों के छात्रों में एकता एवं अखंडता की भावना का संचार करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: केंद्रीय विश्वविद्यालय, कुलपति, संस्थान, राष्ट्रीय ध्वज, नरेंद्र मोदी, केंद्र सरकार, केंद्रीय विद्यालय, तिरंगा, स्मृति ईरानी, मानव संसाधन विकास मंत्रालय, राष्ट्रप्रेम, केंद्रीय विश्वविद्यालय प्रशासन, अतिरिक्त आयुक्त, यू एन खवारे
OUTLOOK 28 February, 2016
Advertisement