Advertisement
24 May 2021

कौन था रेसलर सागर जिसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार हुए सुशील कुमार? मां-बाप ने कहा मिले फांसी की सजा

file photo

देश-दुनिया के जाने-माने पहलवानों की लिस्ट में शामिल रेसलर सुशील कुमार इस वक्त सलाखों के पीछे खड़े हैं। मर्डर केस में गिरफ्तारी के बाद पुलिस रिमांड में उनसे सवाल जवाब किए जा रहे हैं। ओलंपिक पदक विजेता रेसलर सुशील कुमार पर पहलवान सागर धनखड़ की हत्या का आरोप है। सागर, हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं।

आजतक की खबर के अनुसार पहलवान सागर दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में सुशील कुमार के फ्लैट में रहता था। दोनों के बीच विवाद इसी फ्लैट को लेकर हुआ था। जिसके कारण कथित तौर पर सुशील ने सागर की हत्या कर दी।

इस हत्या के मामले में सुशील कुमार के साथ गैंगस्टर नीरज बवान गैंग के लोग भी शामिल थे। उन पर आरोप है कि 4 मई 2021 की रात उन्होंने छत्रसाल स्टेडियम में सागर धनखड़ की पीट कर हत्या कर दी थी। इस वारदात के बाद सुशील फरार हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने उनपर एक लाख रुपये का इनाम भी रखा था। 23 मई को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की एक टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।

Advertisement

सागर धनखड़ के पिता ने बताया कि मैं चाहता हूं कि सुशील की पूरी जांच हो कि इसने 10 साल से कहां-कहां, क्या-क्या कर रखा है। पुलिस जांच करे कि उसके किस गैंगस्टर से संबंध थे। इसको फांसी की सजा होनी चाहिए जिससे कभी कोई गुरु, अपने शिष्य के साथ ऐसा न करे।

सागर धनखड़ की मां ने बताया कि सुशील ने मेरे बेटे की हत्या की है। वो गुरु कहलाने के लायक नहीं है। उसे फांसी की सजा हो और उसे जो मेडल मिले हैं वह भी वापस ले लिए जाए।

सागर धनखड़ हत्याकांड का क्रिमिनल एंगल भी सामने आ रहा है। सागर के साथ सुशील कुमार और उनके साथियों ने सोनी महाल नाम के शख्स की भी पिटाई की थी। सोनू दिल्ली और हरियाणा से वांटेड क्रिमिनल संदीप काला उर्फ काला जठेड़ी का भांजा बताया जाता है। सोनू महाल पर 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: सुशील कुमार, पहलवान सागर धनखड़, छत्रसाल स्टेडियम, Sushil Kumar, Wrestler Sagar Dhankar, Chhatrasal Stadium
OUTLOOK 24 May, 2021
Advertisement