Advertisement
23 July 2016

महान भारतीय चित्रकार सैयद हैदर रजा का निधन

फोटो साभार गूगल

94 वर्ष के रजा पिछले दो महीनों से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। उनके घनिष्ठ मित्र कवि अशोक वाजपेयी ने पीटीआई-भाषा को बताया, उन्होंने सुबह 11 बजे अंतिम सांस ली। उनकी इच्छानुसार उनका अंतिम संस्कार मध्य प्रदेश के मांडला में किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय तौर पर ख्यातिप्राप्त कलाकार रजा को पद्मश्री और पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। वह 1983 में ललित कला अकादमी के फैलो निर्वाचित हुए थे।

सैयद हैदर रज़ा उर्फ़ एस.एच. रज़ा  का जन्म 22 फ़रवरी 1922 को मध्य प्रदेश के मंडला जिले के बावरिया में हुआ था। वर्ष 1950 के बाद से रजा फ्रांस में रहने लगे थे मगर वह लगातार अपने देश भारत से जुड़ रहे थे। उनके बनाए प्रमुख चित्र अधिकतर तेल या एक्रेलिक में बने परिदृश्य हैं जिनमे रंगों का अत्यधिक प्रयोग किया गया है, व जो भारतीय ब्रह्माण्ड विज्ञान के साथ-साथ इसके दर्शन के चिह्नों से भी परिपूर्ण हैं। भारत सरकार ने 1981 में उन्हें पद्मश्री और वर्ष 2007 में पद्म भूषण से सम्मानित किया था। 10 जून 2010 को वे तब भारत के सबसे महंगे आधुनिक कलाकार बन गए जब क्रिस्टी की नीलामी में 88 वर्षीय रज़ा का 'सौराष्ट्र' नामक एक सृजनात्मक चित्र 16.42 करोड़ रुपयों (34,86,965 डॉलर) में बिका।

आउटलुक के प्रधान संपादक आलोक मेहता ने चंद वर्ष पहले पेरिस में ही उनका साक्षात्कार लिया है था जिसे पाठक नीचे देख सकते हैं।

Advertisement


 

TAGS: एचएस रजा, कलाकार, निधन, पद्मश्री
OUTLOOK 23 July, 2016
Advertisement