Advertisement
02 March 2020

दिल्ली हिंसा पर बोलीं ममता बनर्जी- यह सुनियोजित नरसंहार था

File Photo

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि दिल्ली में निर्दोष लोगों की हत्या से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुआ दंगा पूरी तरह से सुनियोजित नरसंहार था। साथ ही एक दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह की रैली के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा 'गोली मारो' वाले नारे लगाने की निंदा की है।

ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश में दंगों का गुजरात मॉडल लागू करने की कोशिश कर रही है। बनर्जी ने दावा किया कि दिल्ली हिंसा नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के कारण हुई जिसके चलते काफी लोग मारे गए, इस बात को अमित शाह को ध्यान में रखना चाहिए था। बता दें कि दिल्ली में कई इलाकों में हुई हिंसा में सैकड़ों लोगों के घर जला दिए गए। अब तक 47 से ज्यादा लोगों की जान चली गई और सैकड़ों लोग घायल भी हुए हैं।

गोली मारो जैसे नारे बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे

Advertisement

'गोली मारो' वाले नारे लगाने पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि ऐसे नारों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं उन लोगों की निंदा करती हूं जिन्होंने कोलकाता की सड़कों पर “गोली मारो...” के नारे लगाए और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में, भड़काऊ नारे देने वाले भाजपा नेताओं को गिरफ्तार नहीं किया गया है जबकि कोलकाता में ऐसे नारे लगाने वालों को गिरफ्तार किया गया है।

तीन को किया है गिरफ्तार

कोलकाता पुलिस ने गृह मंत्री अमित शाह की रैली में जाते समय कथित रूप से 'देश के गद्दारों को, गोली मारो...' नारे लगाने वाले भाजपा के तीन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। कोलकाता पुलिस ने कहा, 'भड़काऊ नारे लगाने वाले भाजपा समर्थक थे। यह संज्ञेय अपराध है।' आरोपियों ने रैली स्थल शहीद मीनार मैदान में जाते समय एस्प्लेनेड मार्ग पर मैदान बाजार से गुजरते समय नारेबाजी की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mamta Banerjee, speaks, Delhi, violence, planned, massacre
OUTLOOK 02 March, 2020
Advertisement