Advertisement
01 February 2020

जामिया के बाद शाहीन बाग में फायरिंग, आरोपी ने कहा-देश में सिर्फ हिंदुओं की चलेगी

जामिया इलाके में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि शनिवार को एक  हथियारबंद शख्स ने शाहीन बाग इलाके में फायरिंग कर दी। दिल्ली पुलिस ने फायरिंग करने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। पकड़े जाने के बाद उसने कहा, 'इस देश में सिर्फ हिंदुओं की चलेगी।' 

पिछले दिनों एक विरोध मार्च के दौरान एक नाबालिग लड़के ने फायरिंग की थी जिसमें जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय का एक छात्र घायल हो गया था। लड़के को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। ठीक उसी तरह आज एक अन्य  शख्स ने शाहीन बाग इलाके में फायरिंग की। बता दें कि दिल्ली के शाहीन बाग में पिछले करीब डेढ़ महीने से सीएए के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है।

लगाया जय श्रीराम का नारा और चला दी गोलियां

Advertisement

शाहीन बाग में फायरिंग करने वाले शख्स से पुलिस पूछताछ  कर रही है। इसका नाम कपिल बताया जा रहा है। पकड़े जाने के बाद उसने कहा, “इस देश में सिर्फ हिंदुओं की चलेगी।” कपिल दिल्ली के दल्लूपुरा का रहने वाला है। शाहीन बाग में मौजूद एक प्रदर्शनकारी शहनवाज ने बताया कि गोली चलाने से पहले उसने जय श्रीराम के नारे लगाए थे। इसके बाद उसने तीन फायर किए।  

दिल्ली डीसीपी, चिन्मय बिस्वाल के अनुसार, शख्स ने सीधे गोली चलाने के बजाय हवाई फायरिंग की। आवाज सुनते ही पुलिस ने उसे तुरंत  पकड़ लिया।

जामिया नगर की तर्ज पर दिया घटना को अंजाम

हालांकि जामिया नगर में गोली चलाने वाले शख्स ने जिस तरह पहले से तैयारी की थी वैसी कोई बात अभी समाने निकलकर नहीं आई है। जामिया हमलावर की फेसबुक पोस्ट से पुलिस को पता चला था कि उसने इस घटना को अचानक अंजाम देने के लिए कई दिन पहले इसकी तैयारी की थी। गोलीबारी से पहले आरोपी ने फेसबुक लाइव भी किया था। फेसबुक पर उसने लिखा था कि वह चंदन का बदला लेने जा रहा है। 2018 में गणतंत्र दिवस पर यूपी के कासगंज जिले में सांप्रदायिक झड़प के दौरान चंदन गुप्ता नाम के लड़के की हत्या कर दी गई थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shaheen Bagh, CAA
OUTLOOK 01 February, 2020
Advertisement