Advertisement
19 June 2015

मोदी प्रकरणः नुकसान भरपाई पर मोदी-शाह में चर्चा, राजे ने रद्द किया पंजाब दौरा

मोदी प्रकरणः नुकसान भरपाई पर मोदी-शाह में चर्चा, राजे ने रद्द किया पंजाब दौरा | आउटलुक

सूत्रों ने कहा कि शाह कल शाम प्रधानमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के किसानों के शिष्टमंडल के साथ गए थे और वे वहां रुक गए और मोदी के साथ इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की। समझा जाता है कि शाह ने घोटाले के दागी पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी के साथ राजे और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के साथ संबंधों के बारे नए खुलासे के मद्देनजर संभावित नुकसान की भरपाई के उपायों के बारे में चर्चा की। सू़त्रों ने कहा कि शाह इस मुद्दे पर आरएसएस नेतृत्व के साथ भी संपर्क बनाए हुए है।

भाजपा के शीर्ष नेता सुषमा के समर्थन में खुल कर सामने आ गए हैं लेकिन वे राजे का खुला समर्थन करने से बचते दिख रहे हैं। बहरहाल, स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए वसुंधरा राजे ने अपना पंजाब दौरा रद्द कर दिया जहां इस प्रकरण में नुकसानदायक खुलासे के बाद पहली बार शाह और राजस्थान की मुख्यमंत्री का आमना सामना होता। इस खुलासे में कहा गया है कि उन्होंने लंदन में ललित मोदी के आव्रजन संबंधी आग्रह का कथित तौर पर समर्थन किया था।

वसुंधरा राजे का सिखों के पवित्रा धार्मिक स्थल आनंदपुर साहिब के 350वें वर्ष से जुड़े समारोह में अमित शाह और केंद्रीय गृह मंत्राी राजनाथ सिंह के साथ मंच साझा करने का कार्यक्रम था। राजे के प्रेस सलाहकार ने जयपुर में कहा, ‘पीठ में दर्द के कारण डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री को आराम करने की सलाह दी है, इसलिए उन्होंने आज पंजाब जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है।’ राजे ने बुधवार को शाह से फोन पर बात की थी और उनके समक्ष अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी।

Advertisement

कांग्रेस इस मुद्दे पर राजे और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से तत्काल इस्तीफा देने की मांग कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि धन शोधन एवं अन्य आरोपों का सामना कर रहे आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष की मदद करने के बाद इन्हें पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। दूसरी ओर, राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने राजे के इस्तीफे की मांग को खारिज करते हुए कहा है कि पूरे राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा और पार्टी के विधायक उनके साथ हैं।

इस बीच, भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी सुषमा के प्रति समर्थन जताते हुए उनसे मिलने उनके आवास पर गए। जोशी वहां करीब आधे घंटे तक रुके। सुषमा अपना सरकारी कामकाज लगातार जारी रखते हुए आज तंजानिया के राष्ट्रपति जकाया किकवेते से मिलीं जो भारत के सरकारी दौरे पर आए हुए हैं।

TAGS: Lalit Modi, Amit Shah, Sushma Swaraj, नरेंद्र मोदी, वसुंधरा राजे, तंजानिया, जकाया किकवेते
OUTLOOK 19 June, 2015
Advertisement