Advertisement
07 April 2021

कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्तार अंसारी को लाया गया बांदा जेल, बैरक नंबर-16 में शिफ्ट किया गया

उत्तरप्रदेश के बाहुबली नेता और माफिया डॉन मुख्‍तार अंसारी को पंजाब की रोपड़ जेल से लेकर निकली यूपी पुलिस की टीम आखिरकार बांदा जेल पहुंच ही गई। बुधवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस का काफिला मुख्‍तार अंसारी को लेकर बांदा जेल पहुंचा। इससे पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश पुलिस दोपहर दो बजकर सात मिनट पर पंजाब की रोपड़ जेल से मुख्तार अंसारी को लेकर यूपी की बांदा जेल के लिए निकली थी।

मिली जानकारी के अनुसार पहले मुख्तार अंसारी को बैरक नंबर-15 में रखा जाना था मगर अब उसे बैरक नंबर-16 में शिफ्ट कर दिया गया है।

एक समय था जब मऊ से लेकर आसपास के तमाम जिलों में माफिया डॉन और विधायक मुख्तार अंसारी की तूती बोलती थी। कभी मुख्तार अंसारी खुली जिप्सी की छत पर सवार दिखता था और क्षेत्र में भ्रमण करता था। यूपी  के डॉन मुख्तार अंसारी का जिसने एक हाथ में अपने गैंग की लगाम थाम रखी है तो दूसरे हाथ में सियासत की। रसूख और वर्चस्व ऐसी कि तारीखों के साथ सरकारें बदलती रही लेकिन इस माफिया की सल्तनत का दायरा बढ़ता गया। 15 सालों से डॉन जेल में है, लेकिन मुख्तार अंसारी के लिए जेल का मतलब क्या है, इसकी पोल खुलती रही है। वहीं आज उसी मुख्तार अंसारी को व्हीलचेयर पर बैठे देख चर्चाओं का बाजार गर्म है। आखिर जुर्म की दुनिया में मुख्तार अंसारी के डॉन बनने की क्या है कहानी

Advertisement

मुख्तार अंसारी को लेकर पंजाब और यूपी सरकार कोर्ट में जिरह करती दिखाई दीं। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट आदेश दिया कि मुख्तार को फौरन यूपी की बांदा जेल शिफ्ट किया जाए। बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी ने कुछ ऐसी वारदात को अंजाम दिया, जिन्होंने पूर्वांचल की धरती को हिलाकर रख दिया था। उन्हीं में शामिल है अवधेश राय मर्डर केस और गाजीपुर का कृष्णानंद राय हत्या कांड।

मुख्तार के खिलाफ यूपी सहित दूसरे राज्यों में करीब 52 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल 15 मुकदमे ट्रायल पर ।. एक ऐसा भी समय था जब पूर्वांचल के जिलों में जीत हासिल करने के लिए सियासतदानों को मुख्तार से करीबी रखते साफ देखा गया। वह जेल में रहे या बाहर, चुनाव आराम से जीतता रहा। यूपी में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद स्थितियां तेजी से बदल गईं। योगी सरकार ने मुख्तार, उसके मददगार और गिरोह के मेंबर्स पर सख्त कार्यवाही की।  मुख्तार गैंग के 72 असलहा लाइसेंसों को निरस्त किया गया है।. मुख्तार गैंग से जुड़े सात ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। अवैध धंधों से मुख्तार की कमाई गई संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया जा रहा है। अवैध निर्माणों को जमींदोज किया जा रहा है। मुख्तार उसके गैंग मेंबर और मददगारों के कब्जे से 192 करोड़ों रुपए की संपत्ति कुर्क की गई है या ध्वस्त की गई है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mukhtar Ansari Case, UP Police Team, Banda Jail, मुख्तार अंसारी, बांदा जेल, उत्तरप्रदेश
OUTLOOK 07 April, 2021
Advertisement