Advertisement
07 February 2019

मुंबई जाने के लिए 2 महीने तक देना होगा ज्यादा हवाई किराया, जानें क्या है वजह

Symbolic Image

अगर आप फ्लाइट से मुंबई के बाहर जाने या कहीं से मुंबई आने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए खास है। दरअसल, मरम्मत के चलते आज (7 फरवरी) से 30 मार्च तक यानी 52 दिनों मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का एक रनवे बंद रहेगा। इसकी वजह से करीब 5000 फ्लाइट्स प्रभावित होने की संभावना है। इनमें से ज्यादातर को रद्द भी किया जा सकता है। ऐसे में यहां से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

रनवे की मरम्मत के चलते एयरपोर्ट अथॉरिटी ने फ्लाइट्स की उड़ान भी सीमित कर दी है और उड़ान सीमित होने से विमानन कंपनियों ने किराये में 25-30 फीसदी का इजाफा किया है। जानकारी के मुताबिक, मरम्मत का काम 30 मार्च तक चलेगा। इसके चलते हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को रनवे बंद रहेगा। इन दिनों सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रनवे बंद रहेगा। 7 फरवरी से लेकर 30 मार्च के दौरान दो रनवे की रिपेयरिंग की जाएगी।

 

Advertisement

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक दूसरे को काटते दो रनवे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, मरम्मत का काम ठीक उस जगह होना है जहां दोनों जुड़ते हैं। ऐसे में दोनों को ही बंद करना जरूरी हो गया।

मुंबई एयरपोर्ट पर रोजाना 950 फ्लाइट्स का आवागमन

मुंबई हवाई अड्डे पर हर घंटे 36 और हर दिन करीब 950 फ्लाइट्स का आवागमन होता है। मरम्मत की वजह से हवाई अड्डे पर रोजाना आने-जाने वाली करीब 230 फ्लाइट्स रद्द रहेंगी। इनके अलावा मुंबई-गोवा और मुंबई-बेंगलुरु रूट पर रोजाना 15 उड़ान रद्द होंगी।

सप्ताह में 3 दिन होगी मरम्मत

मुंबई हवाई अड्डे पर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को सुबह 11 बजे से लेकर के शाम 5 बजे तक मरम्मत होगी। हालांकि, इस दौरान मुख्य रनवे पर फ्लाइट्स आती-जाती रहेंगी। मुख्य रनवे पर प्रति घंटा 50 फ्लाइट्स को लेने की क्षमता है।

कम फ्लाइट्स के कारण बढ़ा किराया

इस घोषणा के बाद से ही मुंबई जाने वाली उड़ानों का किराया बढ़ गया है। दिल्ली से मुंबई के लिए अगले महीने किराए में फिलहाल 30% की बढ़ोत्तरी होगी। इस रूट पर रोजाना 30 उड़ानें रद्द रहेंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mumbai Air Travel, increase, New high, runway repair work, around 5000 flights, being cancelled
OUTLOOK 07 February, 2019
Advertisement