Advertisement
23 January 2021

एमपी: किसानों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, दिग्विजय सिंह समेत कई नेता गिरफ्तार

एमपी: किसानों के समर्थन में कांग्रेस का प्रदर्शन, दिग्विजय सिंह समेत कई नेता गिरफ्तार

दिल्ली में हो रहे किसानों के प्रदर्शन के समर्थन में कांग्रेस ने शनिवार को कई जगहों पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने भोपाल  में प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। राजभवन का घेराव करने जा रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने उन पर डंडे भी बरसाये । बाद में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। 

पुलिस ने रोशनपुर चौराहे के पास ही कार्यकतार्ओं को रोक लिया। कार्यकतार्ओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रोशनपुरा और रंगमहल चौराहे पर वॉटर कैनन से पानी छोड़ा। हालात को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े। पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग भी किया। पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्द्धन सिंह और विधायक कुणाल चौधरी समेत 20 कांग्रेसी नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में कमलनाथ ने ट्वीट कर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर शिवराज सिंह के इशारे पर लाठी चार्ज किया गया और गिरफ्तार भी कर लिया। इसकी कड़ी निंदा करता हूं।

प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं समेत प्रदेश एवं जिलों से आए कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए हैं। रैली रवाना होने से पहले कमलनाथ ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को मजबूर बनाना चाहती है और खेती- किसानी इन तीन बिलों के माध्यम से उद्योगपतियों के हवाले करना चाहती है।

OUTLOOK 23 January, 2021
Advertisement