Advertisement
13 January 2023

पीएम मोदी ने दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज ‘एमवी गंगा विलास’ को दिखाई हरी झंडी, जानें इसकी खासियत

पीटीआई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज ‘एमवी गंगा विलास’ को हरी झंडी दिखाकर वाराणसी से रवाना किया। नदी में चलने वाला जहाज ‘एमवी गंगा विलास’ अपने पहले सफर पर रवाना हो गया। यह 51 दिनों के अपने सफर में लगभग 3,200 किलोमीटर की यात्रा करेगा। इस दौरान यह भारत और बांग्लादेश में 27 नदी प्रणालियों को पार करते हुए बांग्लादेश के रास्ते असम के डिब्रूगढ़ तक जाएगा।

इस क्रूज में सभी लक्जरी सुविधाओं से युक्त तीन डेक, 36 पर्यटकों की क्षमता वाले 18 सुइट हैं। इस क्रूज की पहली यात्रा पर स्विट्जरलैंड के 32 पर्यटक रवाना हुए हैं। इस यात्रा से पर्यटकों को भारत एवं बांग्लादेश की कला, संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिकता से अवगत होने का अवसर मिलने की संभावना है।

एमवी गंगा विलास क्रूज की यात्रा का मार्ग भारत की खूबियां दर्शाने की मंशा के साथ निर्धारित किया गया है। इस लंबी यात्रा में यह क्रूज विश्व धरोहर स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, नदी घाटों और बिहार में पटना, झारखंड में साहिबगंज, पश्चिम बंगाल में कोलकाता, बांग्लादेश में ढाका और असम में गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों सहित 50 पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगा।

Advertisement

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वाराणसी से डिब्रूगढ़ के बीच क्रूज सेवा की शुरुआत से पूर्वी भारत के अनेक पर्यटक स्थलों को ‘विश्व पर्यटन मानचित्र’ में प्रमुखता से लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि काशी में गंगा नदी के पार बनी टेंट सिटी से वहां आने और रहने का एक और बड़ा कारण देश दुनिया के पर्यटकों श्रध्दालुओं को मिला है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में मल्टी मोडल टर्मिनल, उत्तर प्रदेश और बिहार में फ्लोटिंग जेटी, असम में समुद्रीवहन कौशल केंद्र, जहाज मरम्मत केंद्र, टर्मिनल कनेक्टिवीटी परियोजना का भी शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं का अनुमानित मूल्य 1,000 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि गंगा विलास क्रूज सेवा और इन नई परियोजनाओं से पूर्वी भारत में व्यापार और पर्यटन से जुड़ी संभावनाओं का विस्तार होगा। उन्होंने इससे रोजगार के नये अवसर पैदा होने की उम्मीद भी जताई।

मोदी ने कहा, ‘गंगा जी हमारे लिए सिर्फ एक जलधारा भर नहीं हैं, बल्कि यह प्राचीन काल से महान भारत भूमि की तप-तपस्या की साक्षी हैं। भारत की स्थितियां-परिस्थितियां कैसी भी रही हों, मां गंगे ने हमेशा कोटि-कोटि भारतीयों को पोषित किया है, प्रेरित किया है।’ उन्होंने पूववर्ती सरकारों का नाम लिए बगैर उन पर निशाना साधते हुए कहा, ‘इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या हो सकता है कि गंगा जी के किनारे की पूरी पट्टी आजादी के बाद विकास में पिछड़ती चली गयी। इस वजह से लाखों लोगों का गंगा किनारे से पलायन भी हुआ। स्थिति को बदलना जरूरी था इसलिए हमने एक नये दृष्टिकोण के साथ काम करना तय किया। हमने एक तरफ ‘नमामि गंगे’ के माध्यम से गंगा जी की निर्मलता के लिए काम किया, वहीं दूसरी तरफ ‘अर्थ गंगा’ का भी अभियान चलाया। अर्थ गंगा यानि हमने गंगा के आसपास बने राज्यों में आर्थिक गतिविधियों का एक नया वातावरण बनाने के लिए कदम उठाया।’

उन्होंने कहा, ‘क्रूज पर्यटन का यह नया दौर इस क्षेत्र के युवा साथियों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर देगा। विदेशी पर्यटकों के लिए तो यह आकर्षण होगा ही, देश के जो पर्यटक पहले ऐसे अनुभवों के लिए विदेश जाते थे, वे भी अब पूर्वी उत्तर पूर्वी भारत का रुख कर पाएंगे। यह दशक भारत में ढांचागत क्षेत्र के कायाकल्प का दशक है। इस दशक में भारत के लोग आधुनिक ढांचागत सुविधाओं की वो तस्वीर देखने जा रहे हैं, जिसकी कल्पना तक मुश्किल थी।’

मोदी ने क्रूज पर सवार सभी पर्यटकों का अभिनंदन करते हुए कहा, ‘आप सभी एक प्राचीन शहर से एक आधुनिक क्रूज से सफर करने जा रहे हैं। मैं अपने इन विदेशी पर्यटक साथियों से विशेष तौर पर कहूंगा कि ‘भारत के पास वह सबकुछ है जिसकी आप कल्पना करते हैं। आपकी कल्पना से कहीं ज्यादा है। भारत को शब्दों में परिभाषित नहीं किया जा सकता है, इसे दिल से महसूस किया जा सकता है। भारत बिना किसी भेदभाव के हर एक के लिए खुला दिल रखता है, हम अपने दुनिया के कोने-कोने से आए सभी पर्यटक मित्रों का स्वागत करते हैं।’

उन्होंने कहा,”यह क्रूज यात्रा एक साथ अनेक नए अनुभव लेकर आने वाली है। इनमें से जो लोग आध्यात्म की खोज में हैं, उन्हें वाराणसी, बोधगया, विक्रमशिला, पटना साहिब और माजुली की यात्रा करने का सौभाग्य मिलेगा। जो बहुराष्ट्रीय क्रूज का अनुभव लेना चाहते हैं, उन्हें ढाका से होकर गुजरने का अवसर मिलेगा। जो भारत की राष्ट्रीय विविधता को देखना चाहते हैं, उन्हें यह क्रूज सुंदरबन और असम के जंगलों की सैर कराएगा। जिन लोगों की रुचि भारत में नदियों की प्रणाली को समझने में है, उनके लिए यह यात्रा बहुत महत्वपूर्ण होगी क्योंकि यह 25 अलग-अलग नदियों या नदी धाराओं से होकर गुजरेगा। और भारत के समृद्ध खान-पान का अनुभव लेना चाह रहे लोगों के लिए भी यह एक बेहतरीन अवसर है। यानि भारत की विरासत और आधुनिकता का अद्भुत संगम हमें इस यात्रा में देखने को मिलेगा।”

मोदी ने कहा कि देश में क्रूज पर्यटन और विरासत पर्यटन का यह संगम ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत में पर्यटन का एक बुलंद दौर शुरू हो रहा है। भारत की वैश्विक भूमिका जैसे-जैसे बढ़ रही है, वैसे-वैसे भारत को देखने, भारत को जानने और भारत को समझने की उत्सुकता भी बढ़ रही है। इसलिए बीते आठ वर्षों में भारत में पर्यटन क्षेत्र के विस्तार पर विशेष बल दिया गया है। हमने अपने आस्था के स्थानों, तीर्थों, ऐतिहासिक स्थलों के विकास को भी प्राथमिकता बनाया है।

वाराणसी के ही सांसद मोदी ने कहा, ”काशी नगरी तो हमारे इन प्रयासों की साक्षात साक्षी बनी है। आज मेरी काशी की सड़कें चौड़ी हो रही हैं, गंगा जी के घाट स्वच्छ हो रहे हैं। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्निर्माण होने के बाद जिस प्रकार श्रद्धालुओं और पर्यटकों में उत्साह देखा जा रहा है, वो भी अभूतपूर्व है। बीते वर्ष जितने श्रद्धालु काशी आए हैं, उससे नाविकों, रेहड़ी-ठेले-रिक्शा वालों, दुकानदारों, होटल-गेस्टहाउस चलाने वालों सबको लाभ हुआ है। अब गंगा पार के क्षेत्र में स्थापित नई टेंट सिटी काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक नया अनुभव देगी। इस टेंट सिटी में आधुनिकता भी है, अध्यात्म और आस्था भी है। राग से लेकर स्वाद तक बनारस का हर रस, हर रंग इस टेंट सिटी में देखने को मिलेगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा विलास क्रूज की शुरुआत कोई साधारण घटना नहीं हैं। जिस तरह कोई देश अपने दम पर उपग्रह को अंतरिक्ष में स्थापित करता है, उसी तरह 3,200 किलोमीटर से ज्यादा लंबी यह क्रूज सेवा भारत में अंतर्देशीय जलमार्ग के विकास, नदी जलमार्गो के लिए बन रहे आधुनिक संसाधनों का एक जीता-जागता उदाहरण हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सिर्फ पांच राष्ट्रीय जलमार्ग ही थे लेकिन आज 24 राज्यों में 111 राष्ट्रीय जलमार्गों को विकसित किया जा रहा है। इनमें से लगभग दो दर्जन जलमार्गो पर सेवाएं अभी चल रही हैं। उन्होंने कहा कि आठ वर्ष पहले तक सिर्फ 30 लाख टन मालवहन ही नदी जलमार्गो से होता था लेकिन आज यह क्षमता तीन गुना से भी अधिक हो चुकी है।

मोदी ने कहा, ”यह आयोजन पूर्वी भारत को विकसित भारत का विकास इंजन बनाने में भी मदद करेगा। पश्चिम बंगाल के हल्दिया में आधुनिक मल्टी-मॉडल टर्मिनल वाराणसी को जोड़ता है। ये भारत-बांग्लादेश प्रोटोकॉल मार्ग से भी जुड़ा है और पूर्वोत्तर भारत को भी जोड़ता है। यह कोलकाता बंदरगाह और बांग्लादेश को भी जोड़ता है। इस तरह यह यूपी-बिहार-झारखंड-पश्चिम बंगाल से लेकर बांग्लादेश तक व्यापार को सुगम बनाने वाला है।”

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर गंगा नदी के पार बनाई गई टेंट सिटी का भी उद्घाटन किया। इस क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं का दोहन करने के लिए गंगा नदी के किनारे तंबुओं से बने शहर की परिकल्पना की गई है। यह परियोजना शहर के घाटों के सामने विकसित की गई है जो विशेष रूप से काशी विश्वनाथ धाम के उद्घाटन के बाद से वाराणसी में रहने की सुविधा प्रदान करेगी और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को पूरा करेगी।

टेंट सिटी को सार्वजनिक-निजी भागीदारी के प्रारूप में वाराणसी विकास प्राधिकरण ने विकसित किया है। पर्यटक आसपास के विभिन्न घाटों से नावों द्वारा टेंट सिटी पहुंचेंगे। टेंट सिटी हर साल अक्टूबर से जून तक सक्रिय अवस्था में रहेगी। वहीं बारिश के मौसम में नदी का जल स्तर बढ़ जाने से इसे तीन महीने के लिए हटा लिया जाएगा।

 

इस कार्यक्रम को केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वसरमा और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भी संबोधित किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Varanasi, PM Narendra Modi, flagging off, world's longest river cruise, 'MV Ganga Vilas'
OUTLOOK 13 January, 2023
Advertisement