Advertisement
26 July 2023

'भारत मंडपम' से पीएम मोदी का ऐलान, हमारी तीसरी अवधि में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था के तीसरे स्थान पर होगा

ट्विटर/एएनआई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दिल्ली के प्रगति मैदान में अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर-'भारत मंडपम' का उद्घाटन कर देश को समर्पित किया। इस उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत मंडपम को देखकर हर भारतीय आनंदित है और गर्व महसूस कर रहा है। भारत मंडपम भारत के सामर्थ्य का, भारत की नई उर्जा का आह्वान है। भारत मंडपम भारत की भव्यता और इच्छाशक्ति का दर्शन है।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का दिन हर देशवासी के लिए एतिहासिक है। आज कारगिल विजय दिवस है। देश के दुश्मनों ने जो दुस्साहस दिखाया था उसे मां भारती के बेटे-बेटियों ने अपने पराक्रम से परास्त कर दिया था। कारगिल युद्ध में अपना बलिदान देने वाले प्रत्येक वीर को मैं पूरे राष्ट्र की तरफ से श्रद्धांजलि देता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया यह स्वीकार कर रही है कि भारत 'लोकतंत्र की जननी' है। आज जब हम आज़ादी के 75 वर्ष होने पर 'अमृत महोत्सव' मना रहे हैं, यह 'भारत मंडपम' हम भारतीयों द्वारा अपने लोकतंत्र को दिया एक खूबसूरत उपहार है। कुछ हफ्तों बाद यहां जी20 से जुड़े आयोजन होंगे। दुनिया के बड़े देशों के राष्ट्राध्यक्ष यहां उपस्थित होंगे। भारत के बढ़ते कदम और भारत का बढ़ता कद इस 'भारत मंडपम' से पूरी दुनिया देखेगी।

Advertisement

पीएम मोदी ने कहा कि इस निर्माण को रोकने के लिए नकारात्मक सोच वालों ने क्या-क्या कोशिशें नहीं की, अदालतों के चक्कर काटे थे। कुछ लोगों की फितरत होती है हर अच्छे काम को रोकने, टोकने की। जब कर्तव्य पथ पर बन रहा था तो न जाने क्या क्या कथाएं चल रही थीं। अखबार, ब्रेकिंग न्यूज में न जाने क्या-क्या चल रहा था। कर्तव्य पथ बनने के बाद वे लोग भी दबी ज़ुबान में कहने लगे कि अच्छा हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे पहली अवधि में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में 10वें स्थान पर था। हमारी दूसरी अवधि में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था में 5वें स्थान पर आया। मैं ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर कह रहा हूं कि हमारी तीसरी अवधि में भारत वैश्विक अर्थव्यवस्था के तीसरे स्थान पर होगा।

इस उद्घाटन समारोह में पीएम के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राजनाथ सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह, अभिनेता आमिर खान और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।

पीएम मोदी ने प्रगति मैदान में पुनर्विकसित भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) परिसर में इसके आधिकारिक उद्घाटन से पहले पूजा की गई। उन्होंने परिसर के निर्माण में शामिल मजदूरों से बातचीत की और उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान प्रगति मैदान में आईईसीसी कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने स्मारक टिकट और सिक्के भी जारी किए।

इस मौके पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता, जिन्होंने देश की सोच बदली, मानसिकता बदली, जिन्होंने हमें ये प्रेरणा दी कि हम विकसित भारत के लिए अपने कर्तव्य निभाएं, हमारे ऐसे यशस्वी पीएम मोदी का मैं स्वागत करता हूं। मैं बाकी लोगों का भी स्वागत करता हूं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 'भारत मंडपम' हम सबके लिए एक गौरव का प्रतीक है। यह हम सबको आगे के लिए एक नई सोच के साथ एक आधुनिक और विकसित भारत बनाने कि लए प्रोत्साहित करता है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Narendra Modi, IECC, Bharat Mandapam
OUTLOOK 26 July, 2023
Advertisement