Advertisement
06 July 2025

प्रधानमंत्री मोदी ने दलाई लामा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं, कहा- आप प्रेम, करुणा, धैर्य और नैतिक अनुशासन के प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दलाई लामा के 90वें जन्मदिन पर रविवार को उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह प्रेम, करुणा, धैर्य और नैतिक अनुशासन के शाश्वत प्रतीक हैं।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ मैं 1.4 अरब भारतीयों के साथ दलाई लामा को उनके 90वें जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। वह प्रेम, करुणा, धैर्य और नैतिक अनुशासन के शाश्वत प्रतीक हैं।’’ उनके मैसेज ने सभी धर्मों के लोगों में सम्मान और प्रशंसा को प्रेरित किया है. हम उनके निरंतर अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हैं।

 

Advertisement

सीएम चंद्रबाबू नायडू ने भी दी बधाई

 

तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नायडू ने भी दलाई लामा को जन्मदिन की बधाई दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनके साथ एक तस्वीर भी शेयर की है। उन्होंने लिखा कि परम पावन दलाई लामा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। शांति, करुणा और आध्यात्मिक शक्ति के वैश्विक प्रतीक, सद्भाव का उनका संदेश दुनिया भर के लोगों को प्रेरित करता है।

 

30-40 साल और जिऊंगा

 

तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने 90वें जन्मदिन से एक दिन पहले एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि मैं अभी 130 साल और जिऊंगा। उत्तराधिकारी के चुनाव और विवाद के बीच दलाई लामा ने शनिवार को कहा कि कई भविष्यवाणियों को देखते हुए मुझे लगता है कि मुझ पर अवलोकितेश्वर का आशीर्वाद है। अब मैं 30-40 साल और जीना चाहता हूं, शायद 130 से भी अधिक जीवित रहूंगा।

 

दलाई लामा का ये बयान उनके उत्तराधिकारी की घोषणा की अफवाहों के बीच आया है। दलाई लामा के जन्मदिन पर हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में 3 दिवसीय 15वां तिब्बती धार्मिक सम्मेलन 2 जुलाई को शुरू हुआ था। यहां उन्होंने कहा था कि मेरे मरने के बाद उत्तराधिकारी का चयन तिब्बती बौद्ध परंपराओं के अनुसार होगा।

 

कौन हैं 14वें दलाई लामा?

 

तेनजिन ग्यात्सो 14वें दलाई लामा हैं। उनका जन्म 6 जुलाई 1935 में हुआ था। वे तिब्बत के राष्ट्राध्यक्ष और आध्यात्मिक गुरु हैं। साल 1959 में पहली बार चीन से वे तवांग पहुंचे थे। तभी से वे भारत में ही रह रहे हैं। दलाई लामा को 1989 को शांति के लिए नोबेल प्राइज दिया गया था। वे 65 से ज्यादा देशों की यात्रा कर चुके हैं। इसके अलावा अब तक उन्हें 85 से ज्यादा सम्मान मिल चुके हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Prime Minister Narendra Modi, Dalai Lama, Birthday, symbol of love, compassion, patience, moral discipline
OUTLOOK 06 July, 2025
Advertisement