Advertisement
28 March 2021

'मन की बात' में बोले मोदी - जनता कर्फ्यू पर आने वाली पीढ़ियां करेंगी गर्व

file photo

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रेडियो प्रोग्राम 'मन की बात' के 75वां संस्करण में संबोधित कर देशवासियों को होली की शुरभकामनाएं दी। मोदी ने मन की बात में कहा कि पिछले साल जनता कर्फ्यू पूरी दुनिया के लिए अचरज बन गया था। आने वाली पीढ़ियां इस बात को लेकर गर्व महसूस करेगी। कोरोना वॉरियर्स के लिए थाली बजाना, ताली बजाना, दिया जलाना उनके दिल को छू गया। यही कारण है के वे लोगों की जान बचाने के लिए जी जान से जूझते रहें।

 मोदी ने कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 की महामारी से निपटने के लिए कोरोना वैक्सीन का लंबे समय से इंतजार था। देश में कोविड-19 का टीका लगाने का अभियान चल रहा है जो दुनिया में सबसे बड़ा है। उन्होंने कहा कि सभी योग्य व्यक्तियों को कोरोना का टीका लगवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही महामारी से निपटने के मानकों मास्क पहनने, दो गज दूरी रखने और बार-बार हाथ धोने का पालन करना चाहिए। मोदी ने कहा, “पिछले वर्ष ये मार्च का ही महीना था, देश ने पहली बार जनता कर्फ्यू शब्द सुना था, लेकिन इस महान देश की महान प्रजा की महाशक्ति का अनुभव देखिये, जनता कर्फ्यू पूरे विश्व के लिए एक अचरज बन गया था। अनुशासन का ये अभूतपूर्व उदहारण था, आने वाली पीढ़ियाँ इस एक बात को लेकर के जरुर गर्व करेगी।”

उन्होंने कहा, “कोरोना योद्धाओं के प्रति सम्मान, आदर, थाली बजाना, ताली बजाना, दिया जलाना। आपको अंदाजा नहीं है कोरोना योद्धाओं के दिल को कितना छू गया था वो, और, वो ही तो कारण है, जो पूरी साल भर, वे, बिना थके, बिना रुके, डटे रहे। देश के एक-एक नागरिक की जान बचाने के लिए जी-जान से जूझते रहे।

Advertisement

कार्यक्रम में देश की बेटियों की प्रशंसा
पीएम मोदी, मन की बात कार्यक्रम में देश की बेटियों की तारीफ करते हुए कहा कि देश की बेटियां आज हर जगह अपनी अलग पहचान बना रही है। वे खेलों में अपनी दिलचस्पी दिखा रही है। अभी हाल ही में मिताली राज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनी हैं। उन्हें इसके लिए बहुत-बहुत बधाई।

फ्रामिंग देश में शहद क्रांति का आधार
उन्होंने आगे कहा कि बी फ्रामिंग देश में शहद क्रांति का आधार बन रहा है। बड़ी संख्या में किसान इससे जुड़ रहे हैं। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग के एक गांव गुरदुम में लोगों ने शहद पैदा करने का काम शुरू किया है। इस जगह के शहद की बाजार में अच्छी मांग है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ रही है।

सांस्कृतिक धरोहर को बचाने की अपील
मोदी ने बताया कि हमारे पास योग, आयुर्वेद न जाने क्या कुछ नहीं है। भारत के लोग दुनिया में गर्व से कहते हैं कि वे भारतीय है। हम अपनी भाषा, पहनाव, खान-पान पर गर्व करते हैं। हमें नया तो पाना है, लेकिन साथ में पुरातन को गवाना नहीं है। हमें अपनी सांस्कृतिक धरोहर को भी नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

बस कंडक्टर मारीमुथु योगनाथन के प्रयासों की सराहना
मन की बात के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कोयम्बटूर में बस कंडक्टर मारीमुथु योगनाथन टिकट के साथ बस यात्रियों को मुफ्त में पौधे देते हैं। वह अपनी आय का एक बड़ा हिस्सा इस पर खर्च करते हैं। मैं उनके प्रयासों के लिए उन्हें बधाई देता हूं।

देशवासियों को त्योहारो की शुभकामनाएं
मोदी ने अपने कार्यक्रम में कहा कि चाहे वह उगादि हो या पुथंडु, गुड़ी पड़वा या बिहू, नवरे या पोइला बोइसाख या बैसाखी, पूरा देश जोश, उत्साह और नई उम्मीदों के रंग में सराबोर है। इस समय केरल भी विशु मनाता हैं। मैं इन त्योहारों के लिए देशवासियों को शुभकामनाएं देता हूं।

सिकरी टिस्सो के करबी भाषा का दस्तावेजीकरण
असम के कार्बी आंगलोंग जिले का सिकरी टिस्सो 20 साल से करबी भाषा का दस्तावेजीकरण कर रहा है। भाषा अब मुख्यधारा से गायब हो रही है, इसलिए उन्होंने उनकी पहचान की रक्षा करने का फैसला किया। आज उनके प्रयासों से भाषा के बारे में जानकारी का दस्तावेजीकरण हुआ है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: मन की बात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, करबी भाषा का दस्तावेजीकरण, बस कंडक्टर मारीमुथु योगनाथन, शहद क्रांति, Mann ki Baat, Prime Minister Narendra Modi, Karbi language documentation, bus conductor Marimuthu Yoganathan, Honey Kranti
OUTLOOK 28 March, 2021
Advertisement