Advertisement
10 April 2016

प्रिंस विलियम, केट पहुंचे मुंबई, 26/11 के स्मारक पर दी श्रद्धांजलि

साभार एनडीटीवी

ब्रिटेन का शाही जोड़ा आज मुंबई पहुंचा और यहां ताज पैलेस होटल के पास स्थित 26-11 के स्मारक पर गया। उन्होंने स्मारक पर पुष्पमाला चढ़ाई और होटल के उन कर्मचारियों से भी बातचीत की जो नवंबर 2008 में हुए भयावह हमले के समय इस विशालकाय होटल में ही मौजूद थे। ताज पैलेस होटल के सामने ही समुद्र किनारे बना गेटवे ऑफ इंडिया दिखाई देता है जिसे किंग जॉर्ज पंचम और महारानी मैरी की 1911 में मुंबई यात्रा की याद में बनाया गया था। शाही दंपत्ति भारत और भूटान के सात दिन के दौरे की शुरूआत में मुंबई पहुंचे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के साथ मजबूत संबंध बनाना है।

 

इसके बाद वह मुंबई की तीन परमार्थ संस्थाओं, मैजिक बस, डोरस्टेप और इंडियाज चाइल्डलाइन के लाभार्थियों और प्रतिनिधियों के बीच आयोजित क्रिकेट मैच को देखने और उसमें भाग लेने के लिए ओवल मैदान पहुंचे। शाम को प्रिंस विलियम और केट एक भव्य स्वागत और रात्रिभोज समारोह में शिरकत करेंगे जिसका आयोजन मुंबई के फिल्म और रचनात्मक उद्योग के योगदान का जश्न मनाने के लिए किया जाएगा। इसमें बॉलीवुड और उद्योग जगत के नामचीन चेहरे शिरकत करेंगे।

Advertisement

 

ब्रिटिश मेहमान कल दिल्ली जाएंगे और सबसे पहले भारतीय सेना के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। वहां से वह आगरा स्थित ताज महल का दीदार करने जाएंगे जहां प्रिंस विलियम की मां दिवंगत प्रिंसेस डायना 24 साल पहले आई थीं। एक विग्यप्ति के अनुसार, प्रिंसेस डायना के दौरे के 24 साल बाद द ड्यूक और द डचेस इस खूबसूरत जगह का दीदार करने को उत्सुक हैं। दोनों मेहमान असम के काजीरंगा राष्ट्रीय अभयारण्य भी जाएंगे और वहां ग्रामीण जनता के जीवन में संरक्षण की भूमिका के बारे में और जानकारी जुटाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद वह भूटान की उड़ान भरेंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: ब्रिटेन, शाही परिवार, राजकुमार, प्रिंस विलियम, केट मिडलटन, भारत यात्रा, मुंबई, 26/11 आतंकवादी हमला, श्रद्धांजलि, ताजमहल, आगरा, भूटान
OUTLOOK 10 April, 2016
Advertisement