Advertisement
04 September 2020

सीमा पर तनाव के बीच आज मॉस्को में चीनी रक्षा मंत्री से मिल सकते हैं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

पीटीआइ फाइल फोटो

भारत और चीन के सैनिकों के बीच पूर्वी लद्दाख में जारी तनाव के बीच चीन के रक्षा मंत्री वेई फेंगही ने शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की अहम बैठक से इतर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक का अनुरोध किया है। सिंह और वेई दोनों एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए फिलहाल रूस की राजधानी मॉस्को में हैं।

जानकारी के अनुसार चीनी पक्ष ने भारतीय मिशन को दोनों रक्षा मंत्रियों के बीच एक बैठक की अपनी इच्छा से अवगत कराया है। भारत ने मीटिंग के लिए हामी भरी है या नहीं, इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी।

बता दें कि पूर्वी लद्दाख में तनाव तब भड़क गया था जब चीन ने चार दिन पहले पैंगोंग झील के दक्षिणी किनारे पर भारतीय क्षेत्र पर कब्जा करने का असफल प्रयास किया। हालांकि दोनों पक्ष विवाद को सुलझाने के लिए कूटनीतिक और सैन्य वार्ता में लगे हुए हैं।

Advertisement

विदेश मंत्रालय ने क्या कहा

भारत और चीन के बीच जारी तनातनी के बीच विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा था कि यह स्पष्ट है कि बीते चार महीने में हमने जो हालात देखे हैं वे प्रत्यक्ष रूप से चीनी पक्ष की गतिविधियों का परिणाम है। विदेश मंत्रालय की तरफ से अनुराग श्रीवास्तव ने अपने एक बयान में कहा कि भारत और चीन के बीच आगे आर्मी और राजनयिक बातचीत होगी। भारत शांतिपूर्ण बातचीत के जरिए मामले के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि मामले को जिम्मेदाराना तरीके से स्थिति को संभाला जाना चाहिये। यह स्पष्ट है कि बीते चार महीने में हमने जो हालात देखे हैं वे प्रत्यक्ष रूप से चीनी पक्ष की गतिविधियों का नतीजा हैं।

गौरतलब है कि सोमवार को भारतीय सेना ने कहा था कि चीनी सेना ने 29 और 30 अगस्त की दरम्यानी रात को पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग सो के दक्षिणी तट पर यथास्थिति में बदलाव के लिये ‘उकसावे वाली सैन्य गतिविधि ’की जिसे भारतीय सेना ने विफल कर दिया।

ब्रिगेडियर-स्तरीय वार्ता का तीसरा दिन अनिर्णायक रहा

एलएसी पर विवाद के बीच चुशुल में भारत और चीन के बीच बुधवार को ब्रिगेडियर-स्तरीय वार्ता का तीसरा दिन अनिर्णायक रहा। इस वार्ता में पैंगोंग त्सो के दक्षिणी तट की स्थिति पर बातचीत की जा रही थी। रक्षा सूत्र ने कहा "पैंगोंग तनाव पर चल रही वार्ता बुधवार को अनिर्णायक रही और गुरुवार को भी जारी थी।" यह वार्ता महत्वपूर्ण है क्योंकि चुशुल सेक्टर में अभी भी तनाव बढ़ रहा है, दोनों पक्षों की बड़ी संख्या में सेनाएं विवादित सीमा के साथ एक-दूसरे के बहुत करीब हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chinese Defence Minister, Seeks, Meeting With, Rajnath Singh, Border Tensions, सीमा, तनाव, चीनी रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह, मीटिंग, अनुरोध
OUTLOOK 04 September, 2020
Advertisement