Advertisement
09 December 2021

कुन्नूर क्रैश: संसद में राजनाथ सिंह का बयान- सबसे पहले स्थानीय लोगों को हुई घटना की जानकारी

एएनआई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज लोकसभा में तमिलनाडु में हुई सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना पर बयान दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि सबसे पहले स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी हुई थी। 

डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह ने लोकसभा में कहा कि कल सुबह 12:08 बजे विमान से संपर्क टूट गया था। उन्होंने कहा कि वायुसेना के चीफ को मौके पर भेजा गया है। आज शाम तक सीडीएस समेत सभी लोगों के शव दिल्ली लाए जाएंगे और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एमआई 17 हेलिकॉप्टर ने सुबह 11:48 पर सुलूर से उड़ान भरी थी। इसे 12:15 पर वेलिंगटन में लैंड करना था, लेकिन 12:08 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इस दौरान लोगों ने आवाज सुनी तो मौके पर पहुंचे और तुरंत ही बचाव अभियान शुरू किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार हेलिकॉप्टर में सवार 14 में से 13 लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें सीडीएस बिपिन रावत एवं उनकी पत्नी मधुलिका रावत भी शामिल थीं। जनरल बिपिन रावत वेलिंगटन के डिफेंस कॉलेज के छात्रों से बातचीत के लिए अपने एक शेड्यूल्ड कार्यक्रम पर थे।

Advertisement

तमिलनाडु में सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना पर लोकसभा में अपने बयान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा भारतीय वायु सेना ने सैन्य हेलिकॉप्टर दुर्घटना की त्रि-सेवा जांच के आदेश दिए हैं। जांच का नेतृत्व एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह करेंगे। जांच दल कल ही वेलिंगटन पहुंच गया और जांच शुरू कर देगी। 

रक्षा मंत्री ने कहा कि सीडीएस जनरल बिपिन रावत का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। अन्य सैन्य कर्मियों का अंतिम संस्कार उचित सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा। 

उन्होंने आगे कहा कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह वेलिंगटन के मिलिट्री हॉस्पिटल में लाइफ सपोर्ट पर हैं। उनकी जान बचाने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। 

लोकसभा में तमिलनाडु के कुन्नूर के पास एक सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और अन्य कर्मियों के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: रक्षा मंत्री राजनाथ सिह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिह, बिपिन रावत, हेलिकॉप्टर दुर्घटना, हेलिकॉप्टर क्रैश, तमिलनाडु, Defense Minister Rajnath Singh, Bipin Rawat, Helicopter crash, Helicopter crash, Tamil Nadu
OUTLOOK 09 December, 2021
Advertisement