Advertisement
21 June 2015

योग दिवस: राजपथ बना योगपथ, दो नए रिकॉर्ड

नई दिल्ली। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सूरज की पहली किरण जहां-जहां पड़ेगी और 24 घंटे बाद सूरज की किरण जहां समाप्त होगी, एेसा कोई भी स्थान नहीं होगा.... और पहली बार दुनिया को यह स्वीकार करना होगा कि यह सूरज योग अभ्यासी लोगों के लिए है और योग अभ्यास का यह सूरज ढलता नहीं है। उन्‍होंने योग को परिभाषित करते हुए कहा कि यह मानव मन को शांति और सौहार्द के लिए उन्मुख करने की एक पारंपरिक कला है। राजपथ पर भारी संख्या में योग करने आए लोगों को देखकर नरेंद्र मोदी  ने हर्ष जताते हुए कहा, क्या किसी ने कल्पना की होगी कि राजपथ, योगपथ बन जायेगा।

भारत के अलावा विश्‍व में 192 देशों के 251 से अधिक शहरों में आज योग दिवस मनाया जा रहा है। दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धस्थल सियाचिन से लेकर समुद्र में भारतीय युद्धपोतों पर भी योग किया गया। राजपथ पर अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस के निर्धारित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को केवल संबोधित करना था और उनका योग करने का कोई कार्यक्रम नहीं था। लेकिन उन्होंने 21 योग आसनों में से अधिकतर में हिस्सा लेकर सबको चौंका दिया। उन्होंने आम लोगों के बीच बैठकर योगासन किया। इस दौरान वह योगासन कर रहे लोगों के बीच भी गए। कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के कई लोग पारंपरिक टोपी पहने योग करते देखे गए। 

उल्‍लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने पिछले वर्ष दिसंबर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। विश्‍व के 177 देश इसके सह-प्रस्तावक बने थे। संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले संबोधन के दौरान मोदी ने योग दिवस का प्रस्‍ताव रखा था। देश में योग दिवस को लेकर छिड़ी बहस की तरफ इशारा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मेरे लिए यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है कि यह किस भूमि पर पैदा हुआ, किस भाग में इसका प्रसार हुआ। महत्व इस बात का है कि मानव का आंतरिक विकास होना चाहिए। हम इसे केवल एक दिवस के रूप में नहीं मना रहे हैं बल्कि हम मानव मन को शांति एवं सद्भवना के नए युग की शुरूआत के लिए प्रशिक्षित कर रहे हैं। देश के विभिन्‍न राज्‍यों में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। केंद्र सरकार के मंत्रियों और भाजपा के वरिष्‍ठ नेताओं ने अपने गृह प्रदेश और चुनाव क्षेत्रों में जाकर योग दिवस के कार्यक्रमों में हिस्‍सा लिया। 

Advertisement

तो सर्कस के बच्‍चे भी योगी कहलाते- मोदी 

मोदी ने कहा, ज्यादातर लोग योग को अंग मर्दन का माध्यम मानते हैं। मैं मानता हूं कि यह सबसे बड़ी गलती है। अगर योग अंग गोपांग मर्दन का कार्यक्रम होता तब सर्कस में काम करने वाले बच्चे योगी कहलाते। शरीर को केवल मोड़ देना या अधिक से अधिक लचीला बनाना ही योग नहीं है। उन्‍होंने उम्मीद जताई कि देश में योग के पक्ष में माहौल बनेगा और यह भविष्य में भी जारी रहेगा।

राजपथ पहुंचे जंग और केजरीवाल भी हुए शामिल

राजपथ पर आयोजित योग दिवस के कार्यक्रम में दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी आसन किए। कार्यक्रम में काफी संख्या में विदेशी मिशनों के राजनयिकों ने भी हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर योगगुरू रामदेव समेत कुछ अन्य योग एवं अन्य धार्मिक संस्थाओं के प्रमुख भी मौजूद थे।

गिनीज बुक में दर्ज दो रिकॉर्ड 

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर राजधानी दिल्ली में राजपथ पर आयोजित समारोह स्थल पर 35,985 लोगों ने योग किया और इसमें 84 देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे] जिससे यह कार्यक्रम 'गिनीज वर्ल्ड रिकार्डस बुक' में दर्ज हो गया। आयुष मंत्री श्रीपद नाइक ने आंकड़ों का हवाला देते हुए संवाददाताओं से कहा, 'यह भारत के लिए गर्व की बात है कि हमने एक दिन में दो कीर्तिमान स्थापित किए।' 

 

देश भर में योग की लहर 

रविवार को पूरे देश में बड़े जोर-शोर से योग दिवस मनाया गया। देशभर में 11 लाख से अधिक एनसीसी कैडेट और सुरक्षा एवं पुलिस बलों के करीब नौ लाख कर्मियों ने अपनी अपनी क्षेत्र इकाइयों में योग किया है। इसके अलावा सभी राज्यों में यह दिवस मनाने के लिए जिला एवं पंचायत मुख्यालयों पर भी योग कार्यक्रम हुए।

दक्षिण चीन सागर में योग 

दक्षिण चीन सागर क्षेत्र में आईएनएस रणवीर, सतपुड़ा, कामोरता और शक्ति पोतों पर भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया और इसकी थीम थी एक्राॅस द ओशन्स। भारतीय वायु सेना ने भी देश भर में योग सत्र आयोजित किए। 

पटना में मुस्लिम किशोरियों ने कराया योग 

पटना के मोईनुल हक स्टेडियम में आयोजित योग शिविर दो मुस्लिम किशोरियों ने लोगों को योगासन कराया। योग सत्र का शुभारंभ भाजपा अध्‍यक्ष अमित शाह ने किया। लेकिन उन्‍होंने योगासन नहीं किए। हालांकि, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी, पूर्व केंद्रीय मंत्राी सी पी ठाकुर, बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव ने योग अभ्‍यास मेें भाग लिया। बिहार में आगामी सितंबर-अक्तूबर महीने में संभावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा नेताओं ने पूरे उत्‍साह के साथ योग दिवस मनाया और मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस, नरेंद्र मोदी, भारत, संयुक्‍त राष्‍ट्र संघ, राजपथ
OUTLOOK 21 June, 2015
Advertisement