Advertisement
03 February 2021

एमपी: राम मंदिर के नाम पर ठगी करता युवक गिरफ्तार, फर्जी रसीद काटकर लोगो से वसूला चंदा

एमपी: राम मंदिर के नाम पर ठगी करता युवक गिरफ्तार, फर्जी रसीद काटकर लोगो से वसूला चंदा | Symbolic Image

राम मंदिर के नाम पर फर्जी रसीद देकर चंदा लेने का एक मामला भोपाल में सामने आया है। पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से दो लोगों से चंदा लिए जाने की रसीद भी जब्त की गई हैं। आरोपी अब तक कई लोगों से चंदा भी ले चुका था।

पुलिस की जानकारी के अनुसार बिलासपुर का रहने वाला 28 साल का मनीष राजपूत अशोका गार्डन में रहता है। उसके खिलाफ विश्व हिंदू परिषद के जिला सहमंत्री यतेंद्र पाल सिंह जादौन ने धोखाधड़ी की शिकायत की थी। उनका कहना था कि मनीष राम जन्म भूमि संकल्प सोसायटी के नाम पर लोगों से चंदा ले रहा था। इसके लिए वह फर्जी रसीद काट रहा है। पुलिस ने मनीष को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।

हाल में कांग्रेस विधायक कांति लाल भूरिया ने राम मंदिर के चंदे के नाम पर अवैध वसूल का मामला उठाया था। हालांकि उनका आरोप भाजपा नेताओं पर ही था। जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा के छुटभैया नेता राम के नाम पर जबरन चंदा वसूली कर रहे है। सुबह से भाजपा की टोलियां चंदा वसूली के लिए निकल जाती हैं और शाम को उसी से नदी किनारे जाकर दारू पी जाते हैं। इसके बाद वे भाजपा के निशाने पर आ गये। भाजपा विधायक और प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा ने स्पष्ट किया कि सारा चंदा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर हो रहा है।

OUTLOOK 03 February, 2021
Advertisement