Advertisement
22 August 2025

राजद, कांग्रेस संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ क्योंकि उनके नेता या तो जेल में या जमानत पर: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों विपक्षी दल संविधान (130वां संशोधन) विधेयक के खिलाफ हैं क्योंकि उनके अधिकतर नेता या तो जेल में हैं या जमानत पर हैं।

 

लोकसभा में बुधवार को यह विधेयक पेश किया गया था जिसे संसद की संयुक्त समिति को भेज दिया गया है। इसमें गंभीर आपराधिक आरोपों में गिरफ्तारी के बाद 30 दिन तक हिरासत में रहने पर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों को हटाने का प्रस्ताव है।

Advertisement

 

मोदी ने बिहार के गयाजी में अनेक परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद कहा कि राजद और उसके सहयोगी बिहार को केवल अपना वोट बैंक समझते हैं और राज्य में सब जानते हैं कि राजद नेता हमेशा भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं।

 

मोदी ने कहा, ‘‘राजद और कांग्रेस के शासनकाल में बिहार में कोई बड़ी परियोजना पूरी नहीं हुई। उन्होंने कभी जनता की भलाई के बारे में नहीं सोचा, बस अपनी जेबें भरने में लगे रहे।’’ उन्होंने अवैध आव्रजन के मुद्दे पर कहा कि बिहार के सीमावर्ती जिलों में जनसांख्यिकी तेजी से बदल रही है। उन्होंने राजद और कांग्रेस पर घुसपैठियों को समर्थन देने का आरोप लगाया।

 

मोदी ने कहा, ‘‘हम घुसपैठियों को राज्यों के लोगों के अधिकार नहीं छीनने देंगे। राजद और कांग्रेस इन घुसपैठियों का समर्थन कर रहे हैं। वे तुष्टीकरण की राजनीति में लिप्त हैं। बिहार के लोगों को ऐसे दलों और ऐसे नेताओं को लेकर सतर्क रहना चाहिए।’’

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में आज शुरू की गईं परियोजनाओं से राज्य के लोगों को रोजगार मिलेगा और स्वास्थ्य ढांचे में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के मगध क्षेत्र में आज 16,000 पक्के मकान दिए गए और उनकी सरकार देश के हर गरीब परिवार को ऐसे आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग सरकार बिहार में रेलवे के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा पहलगाम में हमारे नागरिकों की हत्या किए जाने के बाद उन्होंने इस हमले का बदला लेने के लिए बिहार में किए गए अपने वादे को पूरा किया।

 

इससे पहले मोदी ने जिले में 660 मेगावाट की बक्सर ताप ऊर्जा संयंत्र परियोजना समेत 6,880 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं की शुरुआत की।

 

इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कई केंद्रीय मंत्री, राज्य के मंत्री, सांसद व विधायक भी उपस्थित थे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: RJD, Congress, Constitution Amendment Bill, Jail, bail, PM Narendra Modi
OUTLOOK 22 August, 2025
Advertisement