Advertisement
02 February 2019

मनी लॉन्ड्रिंग केस में रॉबर्ट वाड्रा को मिली राहत, गिरफ्तारी पर 16 फरवरी तक रोक

मनी लॉन्ड्रिंग केस में रॉबर्ट वाड्रा को दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने राहत दे दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की बहन और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अर्जी लगाई है, जिस पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने वाड्रा को 16 फरवरी तक गिरफ्तारी से राहत दे दी। वाड्रा के वकील केटीएस तुलसी ने कोर्ट को यह आश्वासन दिया कि वाड्रा जांच में सहयोग करेंगे। वाड्रा पूछताछ के लिए 6 फरवरी को प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश होंगे।

इससे पहले अदालत ने वाड्रा के करीबी सहयोगी मनोज अरोड़ा की गिरफ्तारी पर 6 फरवरी तक अंतरिम रोक लगा दी थी। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 19 जनवरी को अदालत को बताया था कि मनोज अरोड़ा जांच में सहयोग कर रहे हैं। अरोड़ा ने पहले अदालत में आरोप लगाया था कि मोदी सरकार ने राजनीतिक बदले की भावना के तहत उन्हें इस केस में फंसाया है। हालांकि, ईडी ने इन आरोपों का खारिज करते हुए कहा था कि क्या किसी भी अधिकारी को किसी भी राजनीतिक रूप से बड़े व्यक्ति की जांच नहीं करनी चाहिए क्योंकि इसे राजनीतिक प्रतिशोध कहा जाएगा।

मामले को जानबूझ कर राजनैतिक रंग दिया जा रहा है: वाड्रा

Advertisement

सुनवाई से पहले वाड्रा ने कहा कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और उन पर झूठा मुकदमा चलाया जा रहा है। उनके मामले को जानबूझ कर राजनैतिक रंग दिया जा रहा है वह कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं।

चुनाव से पहले हमला

रॉबर्ट वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के जीजा और प्रियंका गांधी के पति हैं। प्रियंका को हाल ही में महासचिव बना कर पूर्वी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है। इसी साल देश में आम चुनाव होने हैं। इस केस के तार रॉबर्ट वाड्रा के सहयोगी मनोज अरोड़ा से जुड़े हैं। रॉबर्ट वाड्रा इसी मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट गए हैं।

लंदन में प्रॉपर्टी

मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला लंदन के 12, ब्रायनस्टन स्क्वेयर स्थित 19 लाख पाउंड (करीब 17 करोड़ रुपये) की प्रॉपर्टी की खरीद का है। ईडी का दावा है कि इस संपत्ति के असल मालिक वाड्रा हैं। ईडी इस मामले में वाड्रा के सहयोगी मनोज अरोड़ा से भी पूछताछ कर रही है। मनोज अरोड़ा की गिरफ्तारी पर पटियाला हाउस ने 6 फरवरी तक अंतरिम रोक लगाई है।

ईडी का दावा

ईडी का दावा है अरोड़ा इस मामले में महत्वपूर्ण सूत्र हैं। मनोज को विदेश में वाड्रा की अघोषित संपत्तियों की पूरी जानकारी है। वहां संपत्ति खरीदने के लिए पैसे की व्यवस्था करने में मनोज ने अहम भूमिका निभाई है। ईडी ने अपनी याचिका में कहा है, 12 ब्रायनस्टन स्कवायर, लंदन, ब्रिटेन में प्रॉपर्टी पर वाड्रा का नियंत्रण है। इसकी कीमत 19 लाख पाउंड आंकी गई है। इस प्रॉपर्टी का मरम्मत का काम और इसके लिए पैसे का इंतजाम भी रॉबर्ट वाड्रा ने ही किया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Robert Vadra, Anticipatory Bail, Money Laundering Case, ED investigation, February 6
OUTLOOK 02 February, 2019
Advertisement