Advertisement
26 September 2019

सऊदी क्राउन प्रिंस ने PBS को बताया- ‘मेरी जानकारी में हुई खशोगी की हत्या’

एक डाक्यूमेंट्री का दावा है कि सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मुहम्मद बिन सलमान ने पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या की जिम्मेदारी ले ली है। उन्होंने कहा कि इस हत्या को उनकी जानकारी में अंजाम दिया गया था। इस डाक्यूमेंट्री का प्रसारण एक अक्टूबर को किया जाएगा।

खशोगी की पिछले साल दो अक्टूबर को सऊदी एजेंटों ने हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड को तुर्की के इस्तांबुल शहर स्थित सऊदी वाणिज्य दूतावास में अंजाम दिया गया था। इस मामले पर क्राउन प्रिंस ने सार्वजनिक तौर पर कभी कोई बयान नहीं दिया है।

'द क्राउन प्रिंस ऑफ सऊदी अरब' नाम के डाक्यूमेंटरी के मुताबिक, मुहम्मद बिन सलमान ने अमेरिकी प्रसारक पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग सर्विस (पीबीएस) के मार्टिन स्मिथ से कहा, 'मैं सारी जिम्मेदारी लेता हूं क्योंकि यह मेरी निगरानी में हुआ था।' स्मिथ ने जब उनसे यह पूछा कि आपकी जानकारी के बिना हत्या को कैसे अंजाम दिया गया? तब उन्होंने कहा, 'हमारे मुल्क की आबादी दो करोड़ है और लगभग 30 लाख सरकारी कर्मचारी हैं।'

Advertisement

खशोगी की हत्या में सरकारी विमान के उपयोग के सवाल पर सऊदी प्रिंस ने कहा, 'चीजों का पालन करने के लिए मेरे पास अधिकारी और मंत्री हैं और वे जिम्मेदार हैं। उनके पास यह करने का हक है।' स्मिथ ने बताया कि यह बातचीत कैमरे के सामने नहीं हुई थी।

सऊदी अरब करता रहा है इनकार

अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआइए और कई पश्चिमी देश लगातार यह दावा करते रहे हैं कि खशोगी की हत्या का आदेश क्राउन प्रिंस ने दिया था। जबकि सऊदी अरब ने कहा था कि इसमें उनकी कोई भूमिका नहीं थी।

क्राउन प्रिंस के थे आलोचक थे खशोगी

खशोगी अमेरिका में रहते थे और वाशिंगटन पोस्ट के लिए कॉलम लिखते थे। वह क्राउन प्रिंस के धुर आलोचक थे। सऊदी सरकार ने पहले उनकी हत्या होने की बात नहीं मानी, मगर दुनियाभर में आलोचना के बाद स्वीकार किया कि दूतावास में उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में सऊदी के 11 संदिग्धों को आरोपी बनाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Saudi crown prince, Khashoggi murder, happened under my watch, US TV
OUTLOOK 26 September, 2019
Advertisement