Advertisement
23 July 2016

वायुसेना के लापता विमान की तलाश जारी, पर्रिकर पहुंचे चेन्नई

गूगल

रक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार विमान की तलाश पूरे जोरों से जारी है और अब तक कुछ भी  पता नहीं चल पाया है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने चेन्नई पहुंचने से पहले बताया कि वह एन-32 विमान की तलाशी अभियान की निगरानी करेंगे जो कल से लापता है। चेन्नई पहुंचने के बाद पर्रिकर ने ट्वीट कर कहा, आईएएफ एन-32 विमान से जुड़े अभियानों की निगरानी को लेकर ताम्बरम पहुंच गया हूं। भारतीय वायुसेना के इस परिवहन विमान ने शुक्रवार को पोर्टब्लेयर के लिए उड़ान भरा था लेकिन बंगाल की खाड़ी के आसपास लापता हो गया।

इस विमान में चार अधिकारियों समेत 29 लोग सवार थे। एएन-32 नामक इस विमान ने शुक्रवार को चेन्नई के ताम्बरम से सुबह साढ़े आठ बजे उड़ान भरी थी और उसके 16 मिनट बाद उससे आखिरी बार संपर्क किया गया था। यह विमान दोबारा ईंधन भरे बगैर चार घंटों तक उड़ सकता है। हाल ही में इस विमान का समुन्नयन किया गया था। भारतीय वायुसेना, नौसेना और तटरक्षक बल व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चला रहे हैं जिसमें एक पनडुब्बी, आठ विमान और 13 पोत लगाए गए हैं। इस विमान में सवार 29 लोगों में दो पायलट और एक नेविगेटर समेत चालक दल के छह सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा, एक अधिकारी समेत वायुसेना से 11 कर्मचारी, थलसेना से दो कर्मचारी, तटरक्षक बल से एक कर्मचारी और नौसेना से 9 कर्मचारी शामिल हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: बंगाल की खाड़ी, भारतीय वायु सेना, लापता विमान, एएन-32 विमान, तलाशी अभियान, रक्षा मंत्री, मनोहर पर्रिकर, चेन्नई, पोर्ट ब्लेयर, Bay of Bengal, Indian Air Force, Missing Plane, AN-32 Plane, Search Operation, Defence Minister, Manohar Parrikar, Chennai, Port Blair
OUTLOOK 23 July, 2016
Advertisement