Advertisement
15 September 2023

15 सितंबर: पिछली पीढ़ी के लिए एक 'भावना' से कम नहीं था दूरदर्शन, आज के दिन हुआ था आगमन

संचार और डिजिटल क्रांति के इस युग में जीने वाली युवा पीढ़ी आधुनिकता के परदे के पीछे की दुनिया से कम परिचित रही है। लाज़मी है कि यह पीढ़ी दूरदर्शन का असल महत्व ना जानती हो, लेकिन पिछली पीढ़ी का दूरदर्शन के साथ एक मज़बूत और गहरा नाता रहा है।

1959 में 15 सितंबर को सरकारी प्रसारक के तौर पर स्थापित हुआ दूरदर्शन कैसे आगे चलकर लोगों के लिए एक भावना सा बन गया, आइए इसपर एक नज़र डालते हैं।

छोटे से पर्दे पर चलती-बोलती तस्वीरें दिखाने वाला और बिजली से चलने वाला यह डिब्बा लोगों के लिए कौतुहल का विषय था। जिसके घर में टेलीविजन होता था, लोग उसे दूर-दूर से देखने आते थे। टेलीविजन वाले घरों में लोगों का हुजूम इकट्ठा होता था।

Advertisement

छत पर लगा टेलीविजन का एंटीना मानो प्रतिष्ठा का प्रतीक हुआ करता था और देश की कला एवं संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम इस सरकारी प्रसारण सेवा का अभिन्न अंग थे। दूरदर्शन की शुरुआत के समय इसमें कुछ देर के लिए ही कार्यक्रमों का प्रसारण किया जाता था।

वर्ष, जो दूरदर्शन के प्रशंसकों के मन में छपे हैं:

• साल 1965: यही वह वर्ष था जब नियमित दैनिक प्रसारण की शुरुआत ऑल इंडिया रेडियो के एक अंग के रूप में हुई।

• साल 1972: यह सेवा मुम्बई (तत्कालीन बंबई) और अमृतसर तक विस्तारित की गई, जो आज देश के दूरदराज के गांवों तक उपलब्ध है।

• साल 1982: इस साल राष्ट्रीय प्रसारण की शुरुआत हुई और इसी वर्ष दूरदर्शन का स्वरूप भी रंगीन हो गया। इससे पहले यह श्वेत-श्याम (ब्लैक एंड व्हाइट) ही हुआ करता था।

क्यों ख़ास है 15 सितंबर की तारीख ?

1812 : नेपोलियन के नेतृत्व में फ्रांसीसी सेना मास्को के क्रैमलिन पहुंची।
1860 : एम विश्वेश्वरैया का जन्म।
1876 : भारतीय उपन्यासकार शरत चंद्र चट्टोपाध्याय का जन्म।
1909 : द्रविड़ मुनेत्र कषगम के संस्थापकों में से एक सी एन अन्नादुरई का जन्म।
1927 : प्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार सर्वेश्वर दयाल सक्सेना का जन्म।
1948 : स्वतंत्र भारत का पहला पोत ‘आईएनएस दिल्ली’ बंबई (अब मुंबई)के बंदरगाह पर पहुंचा।
1959 : भारत की राष्ट्रीय प्रसारण सेवा दूरदर्शन की शुरुआत।
1971 : दुनिया को हरा भरा और शांति पूर्ण बनाने के संकल्प के साथ ग्रीन पीस की स्थापना।
1978 : अर्मेनिया की अरैरट एरेवन ने पहली विदेशी टीम के तौर पर मोहन बागान के साथ संयुक्त रूप से आई़.एफ.ए. शील्ड जीती।
1981 : वानुआतु संयुक्त राष्ट्र संघ का सदस्य बना।
1982 : लेबनान के निर्वाचित राष्ट्रपति बशीर गेमायेल की पदासीन होने से पहले ही बम विस्फोट में हत्या।
2001 : अमेरिकी सीनेट ने राष्ट्रपति को अफगानिस्तान पर सैनिक कार्यवाही की मंजूरी दी।
2008 : क्राम्पटन ग्रीव्ज ने अमेरिका की एमएसआई ग्रुप कंपनी का अधिग्रहण किया।
2012 : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पांचवें सरसंघचालक के एस सुदर्शन का निधन।
2022 : स्विट्जरलैंड के टेनिस स्टार रोजर फेडरर, भारत की अनुभवी हाकी खिलाड़ी नमिता टोप्पो और ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज़ और उपकप्तान राचेल हेंस ने अंतरराष्ट्रीय खेलों से संन्यास की घोषणा की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: September 15, Doordarshan, 'feeling', Previous generation, launch Today
OUTLOOK 15 September, 2023
Advertisement