Advertisement
23 July 2017

भारत में 16 फीसदी बढ़े आतंकी हमले, आतंकियों का तीसरा बड़ा निशाना

Demo Pic

यूएस स्टेट डिपार्टमेंट के लिए काम करने वाली संस्था NCSTRT के आंकड़ों के मुताबिक, आतंकी हमलों के मामले में इराक और अफगानिस्तान के बाद भारत तीसरे नंबर पर आता है। इससे पहले पाकिस्तान तीसरे नंबर पर था। साल 2016 में दुनिया भर में कुल 11 हजार 72 आतंकवादी हमलों को अंजाम दिया गया। इनमें से भारत में 927 हमले हुए। जबकि साल 2015 में भारत में आतंकी हमलों की संख्या 798 थी। इस तरह भारत में आतंकी हमलों में 16 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी हुई। जबकि 2016 में दुनिया भर में होने वाले आतंकी हमलों की संख्या में 9 फीसदी की कमी आई है।

पाकिस्तान में आंतकी हमलों में कमी

पाकिस्तान में आतंकी हमलों की संख्या 2015 के मुकाबले 2016 में 27 प्रतिशत कम हुई है। 2015 में जहां पाकिस्तान में 1010 आतंकी हमलों को अंजाम दिया गया वहीं 2016 में 734 हमले हुए।

Advertisement

नक्सल बना तीसरा सबसे बड़ा आतंकी संगठन

इस रिपोर्ट में नक्सलियों को दुनिया का तीसरा सबसे घातक आतंकी संगठन बताया गया है। बता दें कि नंबर एक पर आईएस है तो दूसरे पर तालिबान। बीते साल हुए 334 आतंकी हमलों के पीछे माओवादियों का हाथ बताया गया। इनमें 174 लोगों की जान गई और 141 घायल हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2016 में भारत में हुए आतंकी हमलों में से आधे से ज्यादा जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, झारखंड और मणिपुर में हुए। भारत में दो तिहाई आतंकी वारदातों को नक्सलियों ने अंजाम दिया है।

जम्मू कश्मीर में हमलों में भारी बढ़ोत्तरी

जम्मू-कश्मीर में होने वाले आतंकी हमले बीते साल 93 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। बता दें कि  भारतीय गृह मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक भी राज्य में आतंकी गतिविधियां 54.81 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Terror attacks, 16% increased, 2016; Third major target, India., terrorists, US report
OUTLOOK 23 July, 2017
Advertisement