Advertisement
09 May 2018

बेंगलुरू के एक फ्लैट में मिले हजारों फर्जी वोटर आईडी कार्ड, कांग्रेस-भाजपा आपस में भिड़े

Twitter

कर्नाटक में चुनाव प्रचार अब आखिरी चरण में है। इस बीच राजधानी बेंगलुरू के एक फ्लैट में हजारों की तादाद में फर्जी वोटर आईडी कार्ड मिले हैं। चुनाव आयोग ने यहां पर 9746 वोटर आईडी कार्ड बरामद किए। इस मामले में चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज करवाई है, वहीं भाजपा और कांग्रेस के बीच एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का दौर शुरू हो गया है।

इस घटना के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर चुनाव प्रभावित करने के प्रयास का आरोप लगाया है। भाजपा के कर्नाटक प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर और केंद्रीय मंत्री अनंत हेगड़े ने आरआर नगर क्षेत्र में चुनाव रद्द करने की मांग की है। वहीं, कांग्रेस ने इसके लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है।इस मामले में चुनाव आयोग ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

चुनाव आयोग ने दिए जांच के आदेश

Advertisement

मंगलवार शाम बेंगलुरू के जलाहाल्ली क्षेत्र में एक फ्लैट से बड़ी तादाद में वोटर आईडी कार्ड मिला। यह इलाका राज राजेश्वरी निर्वाचन क्षेत्र में आता है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, बेंगलुरू में चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वह खुद इस घर में गए थे और उन्होंने यहां 9746 वोटर आईडी कार्ड बरामद किए थे। इन्हें छोटे बंडलों में बांधकर और लपेटकर रखा गया था। हर बंडल पर फोन नंबर और नाम लिखा गया था।

संजीव कुमार ने बताया कि राज राजेश्वरी में लगभग 4 लाख 35 हजार 439 वोटर हैं, यह वहां की आबादी का 75.43 फीसदी है। पिछली बार रिवीजन के दौरान 28 हजार 825 नाम जोड़े गए थे। इसके बाद अपडेशन के दौरान 19,012 नाम और जोड़े गए थे। इस दौरान 8817 लोगों का नाम हटाया भी गया था।

भाजपा ने कांग्रेस को घेरा

इस मामले पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, "कांग्रेस जनता का समर्थन खो रही है और वे कर्नाटक में चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। इसलिए, हम राज राजेश्वरी नगर निर्वाचन क्षेत्र में चुनावों को रद्द कराने की मांग करते हैं।"

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बादामी, जहां से मुख्यमंत्री सिद्दारमैया चुनाव लड़ रहे हैं उस निर्वाचन क्षेत्र से बड़ी संख्या में नकदी बरामद की गई। उन्होंने  चुनाव आयोग (ईसी) से बदामी में विशेष चुनाव अधिकारी तैनात करने के लिए कहा। भाजपा के सदानंद गौड़ा ने आरोप लगाया है कि इस मामले में राज राजेश्वरी नगर से कांग्रेस के उम्मीदवार मुनिरत्न नायडू का हाथ है।

कांग्रेस का पलटवार

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने इस मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि भाजपा इस तरह कांग्रेस पर आरोप लगाकर अपनी तरफ ध्यान आकर्षित करना चाहती है। सुरजेवाला ने कहा कि यह वोटर आईडी कार्ड न तो पुलिस ने बरामद किए हैं न ही चुनाव आयोग ने, बल्कि इसे भाजपा कार्यकर्ता ने बरामद किया है।

सुरजेवाला ने आगे कहा कि जिस फ्लैट से वोटर आईडी कार्ड बरामद हुए हैं वो फ्लैट मंजुला नंजामुरी का है, जो कि भाजपा की नेता हैं। जबकि घर में रहने वाला किरायेदार उन्हीं का बेटा राकेश है। 2015 में राकेश ने बीजेपी के टिकट पर निगम चुनाव लड़ा था लेकिन वो हार गए थे।

 

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Controversy, Congress, BJP, Thousands fake voter ID cards, Bangalore's flat
OUTLOOK 09 May, 2018
Advertisement