Advertisement
24 January 2021

राष्ट्रवाद का मतलब 'जय हिंद' कहना या 'जन गण मन' गाना ही नहीं: वेंकैया नायडू

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा कि राष्ट्रवाद का मतलब केवल 'जय हिंद' कहना या 'जन गण मन' या 'वंदे मातरम' गाना नहीं है। 'जय हिंद' का मतलब हर भारतीय की जय हो, जो तब संभव है जब उनकी जरूरतों का ध्यान रखा जाता है, उन्हें ठीक से खाना मिलता हो, कपड़े पहनें और भेदभाव का सामना न करें। बता दें कि यह टिप्पणी उपराष्ट्रपति ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती पर हैदराबाद में तेलंगाना सरकार के एमसीआर मानव संसाधन विकास संस्थान में बुनियादी (फाउंडेशन) पाठ्यक्रम में शामिल प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए की।

उपराष्ट्रपति ने आगे राष्ट्र का मतलब बताते हुए कहा कि 'राष्ट्र का मतलब भौगोलिक सीमा नहीं है, राष्ट्र में सब कुछ है, उनका कल्याण, राष्ट्रवाद है। हमारी एक शानदार सभ्यता है जो एक दूसरे की देखभाल करने और समस्याओं को साझा करने का प्रतीक है। हमारे पूर्वजों ने हमें 'विश्व एक परिवार है' के मतलब को समझाया है।'

आगे नायडू ने कहा कि 'स्वतंत्रता से, नेताजी का मतलब केवल राजनीतिक बंधन से मुक्ति नहीं था, बल्कि धन का समान वितरण, जातिगत बाधाओं का उन्मूलन और सामाजिक असमानताएं और सांप्रदायिकता और धार्मिक असहिष्णुता का विनाश था। आप अपने धर्म से प्रेम करते हैं और उसका पालन करते हैं, लेकिन दूसरों से घृणा नहीं कर सकते हैं।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Vice President Venkaiah Naidu, Bose 125 birth anniversary, Meaning of nationalism, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, बोस की 125वीं जयंती, राष्ट्रवाद का मतलब, नेताजी सुभाष चंद्र बोस
OUTLOOK 24 January, 2021
Advertisement