Advertisement
15 May 2016

गर्मी से चहुंओर त्राहिमाम, मानसून हफ्ते भर लेट

गूगल

दिल्ली, राजस्‍थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, पंजाब, हरियाणा आदि में अगले कुछ दिनों में लू का कहर बरपा होने की बात भी कही जा रही है। वैसे रविवार को उत्तर प्रदेश के बांदा जिले का तापमान सर्वाधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैसे मामूली बूंदा-बांदी के कारण पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के लोगों को भयानक गर्मी से कुछ राहत मिली।

राजस्थान, गुजरात समेत अनेक राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। देश को बारिश का इंतजार है, जबकि भारतीय मौसम विभाग ने मानसून के आने में छह दिन देरी की आशंका जताई है। आमतौर पर मानसून एक जून को दक्षिणी राज्य केरल में दस्तक दे देता है। हालांकि मौसम विभाग की भविष्य निजी एजेंसी स्काईमेट से उलट है। स्काईमेट ने दो दिन पहले ही दावा किया है कि केरल में इस वर्ष 28 से 30 मई के बीच दस्तक दे देगा। मौसम विभाग की ओर से जारी अनुमान के मुताबिक, इस साल मानसून के केरल पहुंचने में थोड़ी देर होने का अनुमान है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी के पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर स्थानों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार का तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पंजाब एवं हरियाणा दोनों राज्यों का सबसे ज्यादा है। केंद्र शासित चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है।

Advertisement

राजस्थान के कोटा का तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि टोंक जिले के वनस्थली कस्बे में एक मिमी की मामूली बारिश हुई। गुजरात के कच्छ, सौराष्ट्र और अन्य स्थानों में लू और गर्म हवाएं चलती रहीं, जबकि आज यहां दिन का तापमान 43 से 54 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। राज्य सरकार ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों और अनेक स्थानों के तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश का ऊना 42.2 डिग्री सेल्सियस तापामान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग ने कल राज्य के कुछ स्थानों में बारिश अथवा गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है।

ओडिशा के सुंदरगढ़ समेत पश्चिमी इलाकों में आज 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया, जो कल के 43 डिग्री सेल्सियस के तापमान से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि ओडिशा के तटीय इलाकों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आज का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कटक का तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु के कोयंबटूर, नीलगिरि, तिरनेलवेली, इरोड, तोकुकुडी और मदुरै जिलों समेत कुछ स्थानों में अच्छी बारिश हुयी है। मौसम विभाग ने 17 मई को दक्षिणी राज्य और पुडुचेरी में भारी से बहुत भारी बारिश की अनुमान जताया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: मौसम, तेज गर्मी, मानूसन लेट, तापमान, मौसम विभाग, दिल्ली, राजस्‍थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब
OUTLOOK 15 May, 2016
Advertisement