Advertisement
23 September 2020

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 56 लाख के पार, एक दिन में सामने आए 83347 नए मामले

एएनआई

देश में कोरोना वायरस का कहर लगातार जारी है। देश में पिछले 24 घंटों में 83,347 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 56 लाख का आंकड़ा पार हो गया है। वहीं, 24 घंटे में 1,085 लोगों की जान चली गई है। दुनिया में अभी संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले अमेरिका में है, लेकिन हर दिन अमेरिका से कई गुना कोरोना मामले भारत में मिल रहे हैं।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में पिछले 24 घंटों में 83,347 नए कोविड-19 मामले सामने आए और 1,085 मौतें हुई हैं। देश में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 56,46,011 हो गई है जिसमें 9,68,377 सक्रिय मामले, 45,87,614 ठीक/डिस्चार्ज/माइग्रेट और 90,020 मौतें शामिल हैं।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, मंगलवार (22 सितंबरय) तक कोविड-19 के 6,62,79,462 सैंपल टेस्ट किए गए। इनमें से 9,53,683 सैंपलों का टेस्ट कल किया गया था।

Advertisement

बढ़ते कोरोना मामलों के बीच राहत की बात है कि मृत्यु दर और एक्टिव केस रेट में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मृत्यु दर गिरकर 1.64% हो गई। इसके अलावा एक्टिव केस जिनका इलाज चल है उनकी दर भी घटकर 21% हो गई है। इसके साथ ही रिकवरी रेट यानी ठीक होने की दर 78% हो गई है। भारत में रिकवरी रेट लगातार बढ़ रहा है।

देश में कुल रिकवर मामलों की संख्या 45 लाख

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में 1 लाख (1,01,468) से अधिक नई रिकवरियां दर्ज की गई। देश में कुल रिकवर मामलों की संख्या लगभग 45 लाख (44,97,867) हो गई है। इसी के साथ देश की रिकवरी दर 80.86% हुई।

सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में

देश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में दो लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश है। मौत के मामले में अमेरिका और ब्राजील के बाद भारत का नंबर है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: देश, कोरोना संक्रमित, 56 लाख पार, 83347 नए मामले, With spike, 83347 cases, India, COVID-19, tally crosses, 56-lakh mark
OUTLOOK 23 September, 2020
Advertisement