Advertisement
06 November 2015

छोटा राजन ने पूछताछ में उगले कई राज

छोटा राजन ने पूछताछ में उगले कई राज | पीटीआई

 शुक्रवार तड़के राजन को इंडोनेशिया से दिल्ली लेकर पहुंचे सीबीआई के एक अधिकारी के मुताबिक जब उसे लाने की तैयारियां पूरी हो गई तब उसने कहा कि उसे मुंबई नहीं बल्कि दिल्ली की जेल में रखा जाए। क्योंकि मुंबई में उसकी जान को खतरा है। अधिकारी के मुताबिक राजन ने कई मुंबई पुलिस के कई अधिकारियों के बारे में बताया कि दाउद के उनसे अच्छे संबंध हैं और दाउद के इशारे पर वह काम करते हैं। अधिकारी ने कहा कि राजन को दिल्ली जाए जाने के बाद एम्स के डॉक्टरों ने चिकित्सा परीक्षण किया उसके बाद सीबीआई मुख्यालय ले जाया गया। जहां कड़ी सुरक्षा के बीच राजन को रखा गया है।

सीबीआई मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि राजन सीबीआई-इंटरपोल की हिरासत में है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। उसके बाद तय होगा कि राजन को कहां रखा जाना है। इस बीच सीबीआई की एक टीम राजन से पूछताछ कर और जानकारियां एकत्र कर रही हैं। राजन के खिलाफ दिल्ली और मुंबई में हत्या, रंगदारी और नशीले पदार्थों की तस्करी सहित 70 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। राजेंद्र सदाशिव निकालजे उर्फ छोटा राजन पर दर्ज मामलों के अलावा सीबीआई अधिकारी दाउद के बारे में जानकारी एकत्र कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक राजन ने दावा किया है कि उसके पास दाउद से जुड़ी कई अहम जानकारियां हैं। जिसे लेकर सीबीआई अधिकारी यह जानना चाह रहे हैं कि उसके दावे में कितना दम है। 

TAGS: छोटा राजन, अंडरवर्ल्ड, सीबीआई, दाउद, मुंबई पुलिस, अपराध, chota rajan, dawood, cbi. mumbai police, crime
OUTLOOK 06 November, 2015
Advertisement