Advertisement
21 March 2017

हमारे पड़ोसी हमसे ज्‍यादा खुश, वर्ल्ड हैपीनेस रिपोर्ट में भारत को 122 वां स्‍थान

google

2017 की वर्ल्ड हैपीनेस रिपोर्ट की 155 देशों की सूची में भारत को 122 वां स्थान मिला है। जबकि पाकिस्‍तान को 80 वां, भूटान को 97 वां, नेपाल को 99 वां, बांग्लादेश 110 वां और श्रीलंका को 120 वां स्थान मिला है। हालांकि डेनमार्क को पछाड़कर नार्वे इस सूची में शीर्ष पर जगह बनाने में में कामयाब रहा।

पिछले साल इसमें भारत को 118 वें स्थान पर रखा गया था यानी इस बार भारत चार पायदान और नीचे खिसक गया है। खुशहाली के मामले में भारत सार्क के ज्यादातर देशों से पीछे है। हालांकि इसमें मालदीव को शामिल नहीं किया गया। इस सूची में अफगानिस्तान को 141 वां स्थान मिला है।

सोमवार को अंतरराष्ट्रीय खुशहाली दिवस समारोह के दौरान संयुक्त राष्ट्र में इस रिपोर्ट को जारी किया गया।

Advertisement

दुनिया के देशों की खुशहाली का पता लगाने के लिए सिर्फ पैसे को नहीं देखा गया। इसके लिए उस देश के लोगों की आय, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, उदारता, सामाजिक स्तर और भ्रष्टाचार के स्तर को आधार बनाया गया। इसके अलावा लोगों के खर्च करने और रहन-सहन पर भी गहन शोध किया गया।

वर्ल्ड हैपीनेस रिपोर्ट में अमेरिका शीर्ष पांच में भी जगह बनाने में कामयाब नहीं रहा। उसको इसमें 14वें स्थान पर रखा गया। इस सूची में नार्वे के अलावा डेनमार्क, आइसलैंड, स्विट्जरलैंड और फिनलैंड को शीर्ष पांच पर जगह दी गई।

TAGS: भारत, पाक, चीन, बांग्‍लादेश, पड़ोसी, खुशहाली, happiness, report, india, China, Pakistan
OUTLOOK 21 March, 2017
Advertisement