बीमार सोनिया से मिलने राहुल गांधी विदेश गए

पार्टी सूत्रों के अनुसार सोनिया 'रूटीन मेडिकल जांच' के लिए गई हैं, लेकिन उनकी वापसी की तारीख के बारे में कुछ नहीं कहा गया है।
कांग्रेस सूत्रों ने यह नहीं बताया कि वह इलाज के लिए किस देश गई हैं, लेकिन इस बात की अटकलें लगायी जा रही हैं कि वह अमेरिका में हैं, जहां इससे पहले उनका इलाज हुआ था। हालांकि तब भी बीमारी के बारे में कुछ भी नहीं बताया गया था। सोनिया पिछले कुछ समय से अस्वस्थ हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया, 'कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इसलिए गए हैं ताकि वापस भारत आते वक्त वह कांग्रेस अध्यक्ष के साथ रहें।' उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य जांच के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पहले ही विदेश जा चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद पार्टी के सांगठनिक ढांचे में बदलाव को लेकर उठती आवाजों के बीच राहुल ने यह विदेश दौरा किया है। हालांकि स्थान सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सोनिया उपचार के लिए इस महीने की शुरुआत में विदेश चली गई थीं और पांच राज्यों के लिए हुए चुनाव की मतगणना के दौरान देश में नहीं थी। इससे पहले उन्होंने उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में भी हिस्सा नहीं लिया था।