डीजीएमओ देंगे राहुल व सांसदों को सर्जिकल स्ट्राइक की जानकारी
यह जानकारी लोकसभा सचिवालय ने दी है। संसद की विदेशी मामलों की स्थायी समिति के चेयरमैन कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने इन अधिकारियों से मुलाकात के लिए मंगलवार का दिन तय किया है।
अधिकारियों की यह टीम भारत-पाकिस्तान संबंधों की मौजूदा स्थिति के बारे में भी सांसदों को बताएगी। इससे पहले हुई बैठक में सरकार की ओर से पेश उप सेनाध्यक्ष ने सांसदों को सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में सीमित जानकारी दी थी।
सर्जिकल स्ट्राइक होने के बाद किसी सवाल का जवाब भी नहीं दिया गया था। इसके चलते रक्षा मामलों की स्थायी समिति के सदस्य सांसदों में असंतोष पैदा हो गया था। इस बैठक में कुछ सांसदों की भाजपा सांसद व समिति के चेयरमैन बीसी खंडूरी से कहासुनी भी हो गई थी।
उड़ी सैन्य ठिकाने में आतंकी हमले में 19 सैनिकों की शहादत के बाद 28 सितंबर को मध्य रात्रि में सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी। विपक्ष के अन्य नेता भी सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला कर रहे थे। वह हमले के सबूत की मांग कर रहे थे।