Advertisement
15 April 2017

'जाधव तक पहुंच के लिए 13 बार कोशिश की, पाक ने हर बार मना किया'

जाधव तक पहुंच के लिए भारत ने 13 बार की कोशिश, पाक ने हर बार मना किया | google

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, पाकिस्तान सरकार ने जाधव तक राजनयिक पहुंच देने से मना कर दिया है जबकि भारत ने 13 बार इसके लिए कोशिश की। हम जाधव तक पहुंचने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।

सिंह ने दोहराया कि जाधव का ईरान से अपहरण किया गया था। पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने गत 10 अप्रैल को बंद कमरे में की गयी सुनवाई में जाधव को मौत की सजा सुनायी। उन्हें कथित रूप से अशांत क्षेत्र बलूचिस्तान और कराची में जासूसी एवं विध्वंसकारी गतिविधियों में शामिल होने के लिए यह सजा दी गयी।

वियना संधि के अनुसार किसी दूसरे देश के नागरिक को बंदी बनाने वाले राष्‍ट्र के लिए उस देश के दूतावास के अधिकारियों को बंदी तक पहुंच स्थापित करने की मंजूरी देना जरूरी है।

Advertisement

भारत ने शुक्रवार को कहा था कि वह मौत की सजा के खिलाफ अपील दायर करेगा और साथ ही उसने पाकिस्तान से आरोप पत्र और सैन्य अदालत के मौत की सजा के फैसले की प्रमाणित प्रति मांगी तथा जाधव तक राजनयिक पहुंच प्रदान करने को कहा।

सिंह ने कश्मीर में युवाओं द्वारा सीआरपीएफ जवानों को परेशान करने से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बारे में पूछे जाने पर कहा, ना तो मैं इस तरह के वीडियो देखता हूं और ना ही जमीनी सच्चाई जाने बिना उनपर टिप्पणी करता हूं।

उन्होंने राष्‍ट्रवाद एवं देशभक्ति विषय पर पूर्व सैनिकों द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में ये बातें कहीं। भाषा

TAGS: जाधव, वीके सिंह, भारत, पाक, india, pak, vk singh, jadhav
OUTLOOK 15 April, 2017
Advertisement