Advertisement
29 December 2020

Jio के खिलाफ फूटा किसानों का गुस्सा, पंजाब में अब तक 1,500 से ज्यादा मोबाइल टावर क्षतिग्रस्त

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। वहीं विरोध कर रहे किसानों ने पंजाब में 1,500 से अधिक मोबाइल टावर तोड़ दिए हैं। जिसके बाद पंजाब के कई क्षेत्रों में टेलिकॉम सेवाएं प्रभावित हुई हैं। पंजाब सरकार पर टावरों को नुकसान पहुंचा रहे किसानों के विरुद्ध कोई कार्रवाई न करने के आरोप लग रहे थे। हालांकि अब उन्होंने पंजाब पुलिस को ऐसे मामलों से निपटने के निर्देश दिए हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने राज्य पुलिस को निर्देश दिए हैं कि किसान आंदोलन की आड़ में टावरों को नुकसान पहुंचा रहे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। दरअसल कुछ प्रदर्शनकारियों का मानना है कि नए कृषि कानूनों से अरबपति उद्योगपतियों मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी को सबसे अधिक फायदा होगा। इसलिए उनका गुस्सा मुकेश अंबानी की कंपनी जियो के मोबाइल टावरों पर निकल रहा है। सूबे में कई इलाकों में इन टावरों को बिजली की आपूर्ति रोक दी गई है और साथ ही केबल भी काट दी गई है।

हालांकि, अंबानी का रिलायंस समूह और अडाणी की कंपनियां किसानों से अनाज खरीदने के कारोबार में नहीं हैं। मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने कहा, ‘कल तक 1,411 टावरों को नुकसान पहुंचाया गया था। अब यह आंकड़ा 1,500 के पार हो गया है।’ जालंधर में जियो की फाइबर केबल के कुछ बंडल भी जला दिए गए हैं। राज्य में जियो के 9,000 से ज्यादा Lटावर हैं। एक अन्य सूत्र ने कहा कि टावर को नुकसान पहुंचाने का सबसे आम तरीका बिजली की आपूर्ति काटना है।

Advertisement

एक जगह टावर साइट पर जेनरेटर को लोग उठाकर ले गए और उसे एक स्थानीय गुरुद्वारे में दान कर दिया। कुछ जियो कर्मचारियों को धमकाने और उनके भागने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को आंदोलनकारी किसानों से अपील की थी कि वे ऐसा कोई कदम नहीं उठाएं जिससे आम लोगों को दिक्कतें हो। टावर इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स एसोसिएशन (टीएआईपीए) ने कहा है कि कम से 1,600 टावरों को नुकसान पहुंचाया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: जियो, किसान आंदोलन, कृषि कानून, जियो टॉवर, पंजाब, अमरिंदर सिंह, jio Mobile Towers, Punjab, Farmers, Jio, Farm laws, farmer protests
OUTLOOK 29 December, 2020
Advertisement