Advertisement
02 December 2017

यूपी निकाय चुनाव: अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाया ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप

FILE PHOTO

उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव के परिणाम पर बसपा प्रमुख मायावती के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सवाल उठाया और कहा कि वोटिंग मशीन में गड़बड़ी करके भाजपा की चुनाव में जीत हुई है। उन्होंने इस बात को समझाने का प्रयास करते हुए कहा कि जहां जहां ईवीएम नहीं वहां भाजपा काफी पीछे है।

उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर वाले इलाकों में भाजपा को केवल 15 फीसदी सीट मिलीं जबकि ईवीएम वाले इलाकों में 46 फीसदी।

उनके साथ सपा नेता आजम खां ने भी कहा जहां जहां बैलट से चुनाव हुए वहां सपा जीती है। आज कोलकाता में महाजाति सदन में अखिलेश ने ईवीएम और बैलेट पेपर से चुनाव के अंतर के जरिए हार-जीत के समीकरण को समझाने का प्रयास किया।

Advertisement

गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश ने कहा कि वह चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाएंगे। लोगों को भाजपा के झूठे प्रचार के बारे में सतर्क करेंगे। अखिलेश ने आगामी लोकसभा चुनाव में सपा के महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने का दावा करते हुए कहा कि यूपी बड़ा क्षेत्र है। वहां 80 लोकसभा सीटें हैं। असली ताकत गरीब किसानों और गांवों में है। भाजपा सरकार के अगर तीन साल के काम का आंकलन करें तो सामने आएगा कि उसने गरीबों के लिए क्या किया। पिछले तीन वर्षों में गरीब और गरीब हुआ है। नोटबंदी व जीएसटी की वजह से रोजगार छीना है। इसने देश की अर्थव्यवस्था को ध्वस्त कर दिया। 

अखिलेश ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ जो भी लड़ाई लड़ेगी, उसमें सपा उनका साथ देगी। सपा की ओर से प्रदेश की नई कार्यकारिणी समिति के गठन पर चर्चा की गई। इस दौरान अखिलेश ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लडऩे वालों का सपा साथ देगी। उन्होंने केंद्र के नोटबंदी और बिना पूर्व तैयारी के जीएसटी लागू करने के फैसले पर निशाना साधते हुए कहा कि नोटबंदी ने आम जनता की कमर तोड़ दी और उसके बाद जब बिना तैयारी के जीएसटी को लागू किया गया तो यह व्यवसायियों के लिए नुकसानदेह साबित हुआ।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: akhilesh yadav, bjp, evm, civic polls
OUTLOOK 02 December, 2017
Advertisement