Advertisement
07 September 2016

मणिपुर में असम का करिश्मा दोहराने की योजना पर काम कर रही है भाजपा

मणिपुर में असम का करिश्मा दोहराने की योजना पर काम कर रही है भाजपा | मणिपुर के भाजपा नेताओं के साथ अमित शाह। (फाइल फोटो)

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को भारतीय जनता पार्टी ने मणिपुर का चुनाव प्रभारी बनाया है। भाजपा नेता प्रह्लाद सिंह के अनुसार, 15 सितंबर को अमित शाह बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत करेंगे और उन्हें भाजपा की रणनीति के बारे में बताएंगे। भारतीय जनता पार्टी ने अभी हाल मणिपुर के इंफाल नगरपालिका परिषद के चुनाव में 27 में से 10 सीटें जीतकर पैठ बनाने की शुरूआत कर दी है। सत्ताधारी कांग्रेस को इस चुनाव में 12 सीटें मिलीं। 2011 के चुनाव में यहां भाजपा को सिर्फ एक सीट मिली थी, जबकि कांग्रेस ने 13 सीटें जीती थीं। मणिपुर की 60 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के दो विधायक हैं।

भाजपा ने पूर्वोत्तर के राज्यों में गैर कांग्रेसी पार्टियों का एक साझा मंच तैयार किया है- नॉर्थ ईस्ट डेमोक्रेटिक एलायंस (नेडा)। असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और नेडा के संयोजक हिमंत विश्व शर्मा मणिपुर के लिए रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। दोनों नेता जल्द ही पूरे राज्य के दौरे शुरू करेंगे। भाजपा ने पूरे राज्य में सत्ताधारी कांग्रेस के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पिछले शुक्रवार को विधानसभा भवन के पास प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में भाजपा के पांच कार्यकर्ता चोटिल हो गए थे। भाजपाइयों ने सोमवार को भी विधानसभा में घुसने की कोशिश की।

TAGS: मणिपुर, विधानसभा, असम, करिश्मा, भारतीय जनता पार्टी, धरना- प्रदर्शन, प्रकाश जावड़ेकर, अमित शाह, गुवाहाटी, BJP, Assam, Manipur
OUTLOOK 07 September, 2016
Advertisement