Advertisement
03 February 2020

गांधी का स्वाधीनता आंदोलन था ड्रामा, हेगड़े के बयान पर भाजपा बैकफुट पर, कहा- बिना शर्त माफी मांगे

विवादास्पद टिप्पणी के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े एक बार फिर अपने बिगड़े बोल के कारण सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने सीधे महात्मा गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने गांधी के नेतृत्व में चले स्वाधीनता आंदोलन को ‘ड्रामा’ करार दिया। इतना ही नहीं उन्होंने महात्मा गांधी के सत्याग्रह और भूख हड़ताल को भी ड्रामा बताया। उनके इस बयान पर मचे बवाल के बाद भाजपा ने हेगड़े के बयान से असहमति जताई है और उनसे बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहा है।

उपवास और सत्याग्रह को बताया नाटक

पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद ने कहा कि तथाकथित नेताओं में से किसी ने एक बार भी पुलिस की मार नहीं खाई थी। यह वास्तविक लड़ाई नहीं थी। यह सामंजस्य के आधार पर रचा गया स्वतंत्रता संग्राम था। हेगड़े इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने महात्मा गांधी के उपवास और सत्याग्रह को भी नाटक बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समर्थक कहते हैं कि आमरण अनशन और सत्याग्रह से भारत को आजादी मिली। यह सच नहीं है।

Advertisement

ऐसे लोग हमारे देश में महात्मा कैसे हो गए

उत्तर कन्नाड़ा से भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगडे़ ने कहा कि अंग्रेजों ने सत्याग्रह के चलते देश नहीं छोड़ा था। अंग्रेजों ने निराश होकर भारत छोड़ा था। इतिहास पढ़ने पर मेरा खून खौलता है। ऐसे लोग हमारे देश में महात्मा कैसे हो गए।

पहले भी दिए हैं कई विवादित बयान

हेगड़े 2014 से 2019 तक केंद्र सरकार कौशल विकास मंत्री रहे। वे 2017 में तब चर्चा में आए थे, तब उन्होंने कहा था कि भाजपा उस संविधान को बदल देगी, जिसमें धर्मनिरपेक्ष शब्द लिखा है। इसके अलावा वे राहुल गांधी पर विवादास्पद टिप्पणी के लिए भी चर्चा में रह चुके हैं। उन्होंने रविवार को ही ट्वीट किया कि बेंगलुरु को हिंदुत्व की राजधानी बन जाना चाहिए और भारत को भी हिंदुत्व की राजधानी बन जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि मैं यह कहने से कभी नहीं कतराऊंगा। मुझे इसकी कोई परवाह नहीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP MP, Anant Kumar Hegde, Mahatma Gandhi, freedom movement, DRAMA.
OUTLOOK 03 February, 2020
Advertisement