Advertisement
07 May 2020

मुंबई के अस्पताल में शवों के बीच लेटे दिखे कोरोना मरीज

मुंबई के अस्पताल में शवों के बीच लेटे दिखे कोरोना मरीज

महाराष्ट्र के मुंबई में कोरोना वायरस का कहर अन्य महानगरों के मुकाबले सबसे ज्यादा है। इसी बीच मुंबई के एक अस्पताल का हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में अस्पताल के एक वार्ड में कोविड 19 के मरीज बेड पर पड़े शवों के बीच इलाज कराते दिख रहे हैं। वीडियो भाजपा विधायक नितेश राणे ने बुधवार को पोस्ट किया है।

वीडियो में सायन अस्पताल का कोविड 19 चिकित्सा वार्ड दिख रहा है। वहां लगभग आधा दर्जन शव इलाज के लिए भर्ती रोगियों के पास बेड पर रखे हुए दिख रहे हैं। शवों को काले प्लास्टिक बैगों में बांध दिया गया है। जबकि कुछ कपड़े या कंबल से ढंके हुए हैं।

राणे ने कहा, "यह वीडियो एलटीएमजी अस्पताल सायन का है। बुधवार को मेरा एक कार्यकर्ता वहां कुछ काम करने गया था। शवों के पास रोगी लेटे हुए दिख रहे हैं। यह तो पराकाष्ठा है। यह बेहद शर्मनाक है।"

Advertisement

अभी तक प्रशासन का नहीं आया जवाब: राणे

राणे ने कहा कि यह वीडियो एलटीएमजी अस्पताल का संचालन करने वाले बृहन्मुंबई महापालिका परिषद और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों को भेजा गया लेकिन बुधवार रात तक कोई उत्तर नहीं आया।

शव कब तक हटेगा साफ नहीं

राणे के मुताबिक, सबसे हैरत की बात यह है कि आइसोलेटेड चिकित्सा केंद्र होने के बावजूद कई ऐसे लोग वार्डों में घूमते दिख रहे हैं जो स्वास्थ्य कार्यकर्ता नहीं लगते। ऐसे लोगों में रोगियों की महिला रिश्तेदार भी हैं। यह भी साफ नहीं है कि कोविड-19 से मरने वालों के शव कब तक हटाए जाएंगे।

राज्यपाल से करेंगे शिकायत

सरकार पर हमला करते हुए, राणे ने इसे "बहुत ही शर्मनाक" करार दिया और कहा कि वह इसे संबंधित अधिकारियों के सामने बड़े पैमाने पर उठाने की योजना बना रहे हैं, क्योंकि शवों की मौजूदगी से अन्य रोगियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को खतरा हो सकता है। राणे ने कहा, "मेरी योजना सरकारी अधिकारियों को लिखने और यहां तक कि महाराष्ट्र के राज्यपाल के सामने भी इस मुद्दे को उठाने की है।"

TAGS: COVID-19 Patients, Sleeping, Among Dead, Mumbai Hospital
OUTLOOK 07 May, 2020
Advertisement