Advertisement
29 March 2017

धोनी के आधार कार्ड की जानकारी सार्वजनिक, साक्षी खफा

गूगल

केंद्रीय कानून, सूचना और प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद को धोनी की पत्नी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है। मंत्री ने इस बारे में कार्रवाई करने का वादा किया है।

एजेंसी के कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ने कल अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा था, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और उनके परिवार ने वीएलई मारिया फारूकी के सीएसई रांची, झारखंड के केंद्र से अपना आधार कार्ड अपडेट कराया। इस ट्वीट में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को भी टैग किया गया था। ट्वीट में सीएसई प्रतिनिधि के साथ एक फोटो भी शेयर किया गया था। यही नहीं, इसमें क्रिकेटर की निजी जानकारियां भी थीं। बाद में इस ट्वीट को हटा लिया गया।

धोनी की पत्नी साक्षी ने इस बारे में ट्वीट किया था, क्या कुछ निजता बची हुई है? आधार कार्ड की जानकारी और आवेदन समेत सबको सार्वजनिक कर दिया गया है। मंत्री ने साक्षी को इस मुद्दे को संज्ञान में लाने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, निजी जानकारी साझा करना गैरकानूनी है और इस बारे में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

TAGS: आधार कार्ड, महेंद्र सिंह धोनी, साक्षी धोनी, रविशंकर प्रसाद, ट्वीट, जानकारी, सार्वजनिक
OUTLOOK 29 March, 2017
Advertisement