Advertisement
21 August 2017

जल्द खोजा जाएगा डोकलाम विवाद का समाधान : राजनाथ सिंह

FILE PHOTO

गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि भारत एवं चीन के बीच डोकलाम में जारी गतिरोध का समाधान जल्द ही खोजा जाएगा और उन्होंने उम्मीद जताई कि चीन इस संबंध में सकारात्मक कदम उठाएगा।

राजनाथ सिंह ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक समारोह में कहा, ‘‘जल्द ही समाधान खोज लिया जाएगा और मुझे विश्वास है कि चीन कोई सकारात्मक कदम उठाएगा।’’ गृहमंत्री ने कहा कि वह सभी पड़ोसी देशों को यह संदेश देना चाहते हैं कि भारत शांति चाहता है। उन्होंने साथ ही स्पष्ट किया कि भारतीय सुरक्षा बल देश की सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है।

सिंह ने कहा, ‘‘हमारे सुरक्षा बलों के पास भारतीय सीमाओं की रक्षा करने की पूरी ताकत है।’’ आईटीबीपी जम्मू कश्मीर से अरूणाचल प्रदेश तक 4,057 किलोमीटर लंबी भारत-चीन सीमा की रक्षा करता है।

Advertisement

भारतीय बलों ने सिक्किम सेक्टर के डोकलाम क्षेत्र में चीनी बलों को सड़क निर्माण करने से रोक दिया था, जिसके बाद से भारत एवं चीन के बीच वहां गतिरोध की स्थिति बनी हुई है।

चीन ने दावा किया है कि वह अपने क्षेत्र में सड़क का निर्माण कर रहा था। वह विवादित डोकलाम क्षेत्र से भारतीय बलों को वापस बुलाए जाने की मांग कर रहा है। भूटान का कहना है कि डोकलाम उसका हिस्सा है लेकिन चीन इस क्षेत्र पर अपना दावा करता है।

डोकलाम से भारतीय बलों की तत्काल वापसी की मांग करते हुए चीन पिछले कुछ सप्ताह से भारत के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहा है। खासकर चीनी सरकारी मीडिया ने कई लेखों में डोकलाम गतिरोध को लेकर भारत की निंदा की है।

TAGS: rajnath singh on doklam, rajnath singh in itbp. doklam, indo-china, home minister
OUTLOOK 21 August, 2017
Advertisement