इस ऐप को 335 भारतीयों ने किया डाउनलोड...और लीक हुआ 5.62 लाख लोगों का फेसबुक डेटा
फेसबुक डेटा लीक मामले ने देश-दुनिया को हिलाकर रख दिया। भारत ही नहीं बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन की राजनीति भी इससे जबर्दस्त प्रभावित हुई। इस बीच फेसबुक ने बताया कि भारत के 5.62 लाख यूजर्स का डेटा लीक हुआ है। सरकार की ओर से जारी किए गए नोटिस के जवाब में फेसबुक ने यह बात स्वीकार की है।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, डेटा लीक के मामले में अमेरिकी फेसबुक यूजर्स सबसे ज्यादा प्रभावित हुए है। फेसबुक की मानें तो अमेरिका के 7.6 करोड़ लोगों का डेटा चोरी हुआ है। जबकि भारत इस मामले में 7वें नंबर पर है, वहीं फिलीपींस, इंडोनेशिया और ब्रिटेन क्रमश: दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं।
इस तरह की गई चोरी
फेसबुक का मानना है कि दुनिया भर में 8.7 करोड़ फेसबुक यूजर्स इससे प्रभावित हुए हैं। जबकि कैम्ब्रिज एनालिटिका का कहना है कि उसने 3 करोड़ लोगों का डेटा हासिल किया था, जिसे अब उसने डिलीट कर दिया है। वहीं फेसबुक ने जानकारी दी है कि भारत में 5.62 लाख यूजर्स का डेटा चोरी हुआ है।
लेकिन क्या आप जानते हैं इस चोरी को कैसे अंजाम दिया गया?
समाचार एजेंसी एएनआई ने रूस की स्पुतनिक न्यूज एजेंसी के हवाले से बताया है कि, कैंब्रिज एनालिटिका को कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के मनोवैज्ञानिक, एलेक्जेंडर कोगन के जरिए ये निजी जानकारियां मिलीं। कोगन ने "thisisyourdigitallife.Globally" नामक विशेष ऐप के जरिए यह सेंधमारी की थी।
इस ऐप को भारत में 335 लोगों ने डाउनलोड किया था। यह ऐप फेसबुक पर 2013 से 2015 के दौरान सक्रिय था। इसमें फेसबुक उपयोगकर्ताओं से उनके व्यक्तित्व से जुड़े प्रश्न पूछे जाते थे। यूजर्स की तरफ से जब इस ऐप को उनकी फेसबुक प्रोफाइल की जानकारी हासिल करने के लिए ऑथराइज किया जाता था तो वह उनके दोस्तों तक की जानकारी हासिल कर लेता था।