Advertisement
03 October 2017

6 अक्टूबर से शुरू होगा फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप, राठौर ने कहा- खेल को देखने का नजरिया बदलना होगा

फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप का लोगो, राज्यवर्धन राठौर (फाइल फोटो)

6 अक्टूबर से भारत में फीफा अंडर-17 फुटबॉल वर्ल्ड कप शुरू हो जाएगा, जो 28 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें दुनिया भर की 24 टीमें खिताब के लिए आपस में टकराएंगी। दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में इसकी शुरुआत होने जा रही है और फुटबॉल टीमें भारत पहुंच रही हैं। 

इससे पहले केंद्रीय खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने मंगलवार को आगामी राष्ट्रीय स्कूल एवं कॉलेज खेलों के उद्घाटन की घोषणा की और देशभर से नई प्रतिभाओं को खोजने की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने बताया कि स्कूलों और कॉलेजों के बीच फुचबॉल मैच भी कराए जाएंगे और इन मैचों का प्रसारण भी किया जाएगा। अंडर 17 विश्व कप में भाग ले रही भारतीय फुटबॉल टीम के सम्मान समारोह के मौके पर उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच देना जरूरी है।

Advertisement

उन्होंने कहा,‘‘खेल को देखने का नजरिया हमें बदलना होगा। सभी पक्षों को भारतीय खेलों को नई उंचाइयों तक ले जाने की मुहिम का हिस्सा बनना होगा । सरकार युवाओं को मंच प्रदान करेगी। इसी के तहत हमने दिसंबर 2017 में राष्ट्रीय स्कूल खेल और जनवरी 2018 में 'खेलो इंडिया'  के तहत स्कूलों और कॉलेजों के बीच फुटबॉल मैचों के आयोजन का फैसला लिया है।’’

उन्होंने कहा कि इसमें कॉरपोरेट समूहों को भी जोड़ा जायेगा और खेलों का सीधा प्रसारण किया जाएगा। राठौर ने कहा, ‘हम इन खेलों का आयोजन एशियाई खेलों या पैन अमेरिकी खेलों की तरह करेंगे। इसके लिए 1000 बच्चों को चुना जाएगा और उन्हें आठ साल के लिये पांच लाख रूपया सालाना अभ्यास प्रशिक्षण के लिए दिया जायेगा । हर साल इसमें 1000 बच्चे और जोड़े जाएंगे ।’’ 

देश में पहली बार फीफा का कोई टूर्नामेंट हो रहा है। 23 दिन तक चलने वाले वर्ल्ड कप में 24 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें 6 ग्रुप में बांटा गया है और ये 52 मैच 6 शहर (नई दिल्ली, नवी मुंबई, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी, कोलकाता) में खेला जाएगा।

किस ग्रुप में कौन सी टीमें हैं-

ग्रुप A

भारत, अमेरिका, कोलंबिया और घाना

ग्रुप B

पराग्वे, माली, न्यूजीलैंड और तुर्की

ग्रुप C

ईरान, गिनी, जर्मनी और कोस्टा रिका

ग्रुप D

नॉर्थ कोरिया, नाइजर, ब्राजील और स्पेन

ग्रुप E

होंडुरास, जापान, न्यू कैलिडोनिया और फ्रांस

ग्रुप F

इराक, मेक्सिको, चिली और इंग्लैंड

भारत की 21 सदस्यीय टीम

अमरजीत सिंह कियाम (कप्तान), धीरज सिंह, बोरिस सिंह थांगजाम, सुरेश सिंह वांगजाम, कुमनथेम मीतेई, जैकसन सिंह, मोहम्मद शाहजहां, नोंगदंबा नाओरेम, प्रभुशकन सिंह गिल, सनी धालीवाल, अनवर अली, जितेंद्र सिंह, अभिजीत सरकार, रहीम अली, संजीव स्टालिन, हेंड्री एंटोनी, नमित संदीप देशपांडे, अनिकेत अनिल जाधव, कोमल थटाल, लालेंगमाविया, राहुल केनोली प्रवीण।

कब हैं भारत के मुकाबले?

भारत का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर को अमेरिका के खिलाफ है।

भारत अपना दूसरा मुकाबला कोलंबिया के खिलाफ खेलेगा। 12 अक्टूबर को टीम इंडिया घाना से भिड़ेगी। अगर भारत 2 मुकाबले जीत जाता है तो राउंड ऑफ में पहुंचेगा।

राउंड ऑफ मुकाबले 16 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक खेले जाएंगे, जिसके बाद क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा जो 21 अक्टूबर और 22 अक्टूबर को खेला जाएगा। जिसके बाद सेमीफाइनल 25 अक्टूबर को और फाइनल मुकाबला 28 अक्टूबर को खेला जाएगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: rajyavardhan singh rathore, fifa, under-17 world cup, delhi
OUTLOOK 03 October, 2017
Advertisement