Advertisement
01 October 2017

कांग्रेस छोड़ने के बाद नारायण राणे ने महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष नाम से नई पार्टी बनाई

FILE PHOTO. TWITTER.

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और हाल ही कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ नेता नारायण राणे  ने आज रविवार को अपनी नई पार्टी बनाने की घोषणा की। इसका नाम महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष होगा। राणे ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस बात की जानकारी दी।

गत दिनों उन्होंने कांग्रेस पार्टी व विधान परिषद सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस छोड़ने के बाद दिल्ली में राणे की मुलाकात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से हुई लेकिन इस बैठक में राणे के भाजपाई बनने को लेकर कोई फैसला नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि राणे अब अपनी अलग पार्टी बनाएंगे, जो भाजपा के सहयोगी दल के रुप में कार्य करेगी। फिलहाल राणे द्वारा गठित समर्थ पैनल कोकण में पंचायत चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

राणे ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत शिव सेना से की थी। 1999 में मनोहर जोशी के बाद वो महाराष्ट्र के सीएम बने। राणे ने उद्धव ठाकरे की खुलकर आलोचना की जिसकी वजह से 3 जुलाई 2005 को उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा। 

Advertisement

यहां उन्होंने कोंकण क्षेत्र की मालवन सीट से चुनाव लड़ा और 50,000 वोटों के अंतर से जीते। 

2008 के मुंबई हमलों के बाद विलासराव देशमुख की जगह अशोक चव्हाण को मुख्यमंत्री बनाया गया। उनका भी राणे ने विरोध किया जिसकी वजह से उन्हें छह सालों के लिए पार्टी से बाहर निकाल दिया गया। बाद में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगी, फिर उनकी कांग्रेस में वापसी हुई। पिछले महीने 21 सितंबर, 2017 को उन्होंने खुद ही पार्टी छोड़ दी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 01 October, 2017
Advertisement